बेगूसराय में शराब ढोने के लिए बाइक देने से इनकार करने पर पुत्र ने पिता को पेट में मारी गोली
छौड़ाही में पिता ने शराब के तस्करी को अवैध काम बताते हुए अपने नाम से रजिस्टर्ड बाइक देने से इंकार कर रहे थे। इसी बात को लेकर काफी देर तक बहस होने के बाद गुस्साए दीपक यादव ने साथ में रखा पिस्टल निकाल कर अपने पिता के ऊपर गोली चला दी।

संवाद सहयोगी, छौड़ाही (बेगूसराय)। छौड़ाही थाना क्षेत्र के सावंत पंचायत के पताही गांव में बुधवार सुबह एक पिता द्वारा अवैध शराब धंधे में बाइक देने से इनकार करने पर पुत्र ने पिता को गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता का पीएचसी छौड़ाही में प्राथमिक उपचार उपरांत बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। छौड़ाही पुलिस घटनास्थल पहुंच मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार पताही गांव निवासी संतोष यादव का पुत्र दीपक यादव दिन के नौ बजे के करीब अपने पिता के साथ बाइक ले जाने के लिए बहस करने लगा। पिता ने शराब के तस्करी को अवैध काम बताते हुए अपने नाम से रजिस्टर्ड बाइक देने से इनकार कर रहे थे। इसी बात को लेकर काफी देर तक बहस होने के बाद गुस्साए दीपक यादव ने साथ में रखा पिस्टल निकाल कर अपने पिता के ऊपर गोली चला दी। गोली सीधे पिता संतोष यादव के पेट में लगी और वह नीचे गिर गए। वहीं गोली मारने वाला पुत्र दीपक यादव पिस्टल के साथ वहां से भाग निकला।
दूसरी तरफ गोली चलते ही पिता पुत्र के बीच लड़ाई झगड़ा छुड़ाने पहुंचे लोग वहां से भाग निकले। कुछ देर बाद स्वजन घर से बाहर निकले तो संतोष यादव बेहोश भूमि पर पड़े हुए थे और पेट से खून निकल रहा था। ग्रामीणों के सहयोग से इलाज के लिए अस्पताल ले गए। इस संदर्भ में छौड़ाही थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ठाकुर का कहना है की सूचना मिलते हीं घटनास्थल पहुंचे हैं। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।