पति और जेठानी के अवैध संबंध का विरोध करना पड़ा भारी, बेगूसराय में नवविवाहिता को जबरन पिलाया एसिड
अवैध संबंध का विरोध करने पर पति ने उसकी पिटाई की और दोनों ने मिलकर उसे जबरन एसिड पिला दिया। पीड़िता की स्थिति बिगड़ने पर उसे बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चार दिनों तक मायके वालों को जानकारी नहीं दी गई। डॉक्टरों ने जांच में पुष्टि की कि उसके पेट में एसिड गया है।

संवाद सूत्र, बखरी (बेगूसराय)। बखरी प्रखंड में एक नवविवाहिता के साथ हैवानियत भरी घटना सामने आई है। पति और जेठानी के अवैध संबंध का विरोध करने पर 20 वर्षीय विवाहिता को दोनों ने मिलकर जबरन एसिड पिला दिया। पीड़िता की हालत नाजुक बनी हुई है।
बता दें कि बखरी थाना क्षेत्र के मक्खाचक वार्ड 17 निवासी होरिल पंडित कि पुत्री नेहा की शादी खगड़िया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रांको निवासी राजहंस कुमार से हुई थी। शादी के कुछ दिन तक सब ठीक रहा, लेकिन बाद में पति और जेठानी के बीच अवैध संबंध का खुलासा हुआ। इसका विरोध करने पर घर में कलह शुरू हो गई। कई बार समाज ने मामला सुलझाया, लेकिन 27 अगस्त की रात पीड़िता ने पति और जेठानी को आपत्तिजनक स्थिति में देखा।
विरोध करने पर पति ने उसकी पिटाई की और दोनों ने मिलकर उसे जबरन एसिड पिला दिया। पीड़िता की स्थिति बिगड़ने पर उसे बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चार दिनों तक मायके वालों को जानकारी नहीं दी गई। 31 अगस्त को गांव के कुछ लोगों से पीड़िता के मायके वालों को उसकी स्थिति की जानकारी मिली। डॉक्टरों ने जांच में पुष्टि की कि उसके पेट में एसिड गया है।
वर्तमान में पीड़िता को बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और गले से आवाज निकलना भी मुश्किल हो गया है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी है। समाज में आक्रोश व्याप्त है और लोग दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।