बिहार में बड़ा हादसा, गंगा नदी में डूबे 4 किशोर, 2 की मौत
गंगा नदी में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। यह घटना बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल में हुई। मृतकों की पहचान देवराज कुमार और अभिनव कुमार के रूप में हुई है। दोनों किशोर फुलमलिक पंचायत के खरहट गांव के रहने वाले थे। वे चार दोस्तों के साथ गंगा नदी में नहाने गए थे। स्थानीय गोताखोरों ने उनके शवों को बाहर निकाला।
संवाद सूत्र, जागरण, साहेबपुर कमाल (बेगूसराय)। मल्हीपुर गंगा घाट पर शुक्रवार दोपहर गंगा नदी में स्नान के दौरान दो किशोर की डूबने से मौत हो गई।
मृतक की पहचान फुलमलिक पंचायत के खरहट ग्राम निवासी राज कुमार राय के 14 वर्षीय पुत्र देवराज कुमार एवं स्व. अरुण राय के 16 वर्षीय पुत्र अभिनव कुमार के रूप में हुई।
स्थानीय गोताखोर द्वारा गंगा नदी से निकालने के बाद साहेबपुर कमाल पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है।
गंगा नदी में नहाने गए थे बच्चे
इस संबंध में थाना अध्यक्ष राजीव रंजन एवं स्वजनों ने बताया कि चार किशोर गंगा नदी में स्नान करने गए थे। तैरने एवं गहरे पानी में चले जाने के कारण वे डूबने लगे।
दो किशोर को तो बचाकर बाहर निकाल लिया गया, लेकिन देवराज एवं अभिनव तब तक गंगा नदी में डूब चुके थे। स्थानीय गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला। बताया जाता है कि देवराज इंटर का छात्र था एवं अभिनव मैट्रिक का छात्र था।
चेरियां बरियारपुर में पोखर में डूबने से बच्ची की मौत
वहीं, दूसरी ओर बेगूसराय में शुक्रवार को थाना क्षेत्र के खांजहांपुर पंचायत में नहाने के क्रम में डूबने से लगभग 03 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार उक्त पंचायत के वार्ड संख्या 01 निवासी ललचन सहनी की पुत्री अनुष्का कुमारी की मृत्यु हुई है।
बताया जाता है कि उक्त बच्ची घर के समीप खेलते हुए नहाने के लिए पोखर में चली गई। नादान होने के कारण गहरे पानी में जाने से डूब गई।
परिजन आनन-फानन में बच्ची को पोखर से निकाल कर सीएचसी चेरिया बरियारपुर पहुंचे। जहां पर पहुंचते ही चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिसके पश्चात परिजनों ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना पर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल स्थल पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया।
बागमती नदी में डूबकर किशोर की मौत
वहीं, दूसरी ओर शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के मोतनाजे गांव में शुक्रवार की तीसरे पहर स्नान के दौरान बागमती नदी में डूबकर एक किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान तरियानी थाना क्षेत्र के मोतनाजे निवासी शंभू सहनी के 12 वर्षीय पुत्र साजन कुमार के रूप में की गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेज दिया है। बताया गया है कि साजन कुमार होली खेलने के बाद दोस्तों के साथ बागमती नदी में स्नान करने गया था। इस दौरान गहरे पानी में वह डूब गया। अन्य बच्चों द्वारा शोर मचाने पर पहुंचे आसपास के लोग व स्वजनों ने नदी में उसकी घंटों तलाश की।
घंटों की मशक्कत के बाद साजन कुमार को नदी से निकाल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक ने मृत करार दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। होली की खुशी के बीच साजन कुमार की मौत के बाद स्वजनों को रो-रोकर बुरा हाल है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।