बीस सूत्रीय सदस्य के अपहरण का मामला, 40 घंटे बाद भी पुलिस नाकाम; ग्रामीणों NH-31 पर किया चक्का जाम
बेगूसराय के साहेबपुर कमाल में वार्ड सदस्य के बेटे राकेश साह के अपहरण के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। एनएच 31 को जाम कर अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी की मांग की गई। पुलिस की निष्क्रियता से नाराज लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन किया जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हुई। प्रशासन ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहा है लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

संवाद सूत्र, साहेबपुर कमाल (बेगूसराय)। संदलपुर पंचायत के वार्ड सदस्य पुत्र बीस सूत्री सदस्य सह हम पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष राकेश साह उर्फ विकास के अपहरण हुए 40 घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस उसकी बरामदगी में नाकाम साबित हुई है।
आक्रोशित हजारों ग्रामीण एवं स्वजन सोमवार दिन लगभग दस बजे से कुरहा बाजार के समीप एनएच 31 को पूर्णतः जाम कर दिया। ग्रामीण जाम कर्ता अपहृत की बरामदगी एवं अपहरण कर्ता सरपंच पति डब्लू यादव सहित सभी की अविलंब गिरफ्तारी पर अड़े रहे।
स्थानीय प्रशासन बीडीओ,सीओ एवं थाना अध्यक्ष लगातार जाम कर्ता एवं स्वजन को भरोसा देते हुए समझाने में लगे हुए है।
जाम के दौरान एनएच 31 पर दोनो ओर वाहनों की लंबी कतार जाम हो गई। सड़क मार्ग के यात्रियों की काफी परेशानी बढ़ गई है। यात्री वाहन बस,टेंपू,छोटे वाहन पर सवार घंटों से गाड़ी में फंसे हुए है।
लंबी वाहन की कतार के कारण यात्री वाहन पीछे मुड़ कर निकलने से भी नाकामयाब है। जाम लगाने वालों के द्वारा आवश्यक सेवा यानी एम्बुलेंस आदि को जाम से मुक्त कर निर्दिष्ट स्थान पर जाने का रास्ता दिया गया।
जाम को हटाने के लिए बीडीओ रवी सिन्हा, सीओ संतोष कुमार, थाना अध्यक्ष राजीव रंजन एवं अन्य अधिकारी जन प्रतिनिधि, समाज सेवी, राजनीतिक दल के नेता लगातार लोगों को आश्वासन दे रहे हैं और जाम हटाने का अनुरोध कर रहे हैं।
लेकिन इसका ग्रामीणों पर कोई असर होता नहीं दिख रहा है। थाना अध्यक्ष के अनुसार वे अपहृतों के वारंट के लिए न्यायालय जाना चाहते हैं, लेकिन उन्हें रोक रखा गया है।
जाम में शामिल महिलाओं का कहना है कि जब तक पुलिस मेरे अपहृत बेटे की बरामदगी नहीं करती, अपहरण कर्ता के मुखिया सहित सभी नामजद की गिरफ्तारी कर नहीं लाती, जाम जारी रहेगा।
विदित हो, शनिवार देर शाम को संदलपुर पंचायत के सरपंच पति सहित लगभग दर्जन भर सशस्त्र अपराधियों ने बीस सूत्री सदस्य सह हम पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष संदलपुर पंचायत निवासी इंद्र देव साह एवं वार्ड सदस्य शकुंतला देवी के पुत्र राकेश कुमार उर्फ विकास का अपहरण कर घसीटते हुए दियारा क्षेत्र ले गए थे।
अपहरण के दौरान अपहरण कर्ता उसके साथ मारपीट भी की थी। लोगों में दहशत फैलाने के लिए कई राउंड गोली भी चलाई थी।
अपहरण के बाद पुलिस द्वारा गंगा नदी में खोज के लिए लगातार एनडीआरएफ की टीम कार्यरत है। स्वान दस्ता का भी खोज में उपयोग किया जा रहा है। लेकिन पुलिस को अबतक सफलता हासिल नहीं हुई है। अपहरण के लगभग 40 घंटे बाद भी पुलिस को सफलता नहीं मिलते देख ग्रामीण काफी आक्रोशित है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।