चिराग पासवान की पार्टी के सीनियर नेता को जहरीले सांप ने डसा, सहम गए लोजपा रामविलास के कार्यकर्ता
बांका में एक दुखद घटना में लोजपा (रामविलास) के युवा प्रदेश अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे को सांप ने डस लिया जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं घसिया गांव में एक वृद्धा शांति देवी की सर्पदंश से मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में लापरवाही के कारण उनकी जान गई।

संवाद सूत्र, बांका। सर्किट हाउस के बाहर बुधवार को चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) के युवा प्रदेश अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे को एक जहरीले सांप ने डस लिया। इसके बाद स्थानीय नेता व कार्यकर्ताओं की मदद से उन्हें बांका सदर अस्पताल में भर्ती किया गया।
यहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है। पार्टी जिलाध्यक्ष बेबी यादव ने बताया कि बुधवार को वेद प्रकाश पांडे सर्किंट हाउस के बाहर टहल रहे थे। इस दौरान एक जहरीले सांप ने डस लिया। जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि मुंगेर के कार्यक्रम को लेकर प्रदेश अध्यक्ष बांका प्रवास पर थे। यहीं से कार्यक्रम के लिए वे निकलते, लेकिन अचानक हादसे से पूरी पार्टी के लोग सहमे हुए हैं। वहीं, उन्होंने बताया कि युवा प्रदेश अध्यक्ष के पैर में सूजन है, जिसके बाद वो डॉक्टारों की निगरानी में हैं।
सर्पदंश से महिला की मौत, स्वजन ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप
दूसरी ओर, प्रखंड क्षेत्र के घसिया गांव में बुधवार को सर्पदंश से वृद्ध महिला शांति देवी (70) की मौत हो गई। वह अपने घर के समीप पशुओं की गौशाला में जलावन के लिए रखे गोइठा लाने गई थी। इस दौरान गोइठा की ढेर में छुपे जहरीले सर्प ने उसे काट लिया।
उसके चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर जब स्वजन पहुचे तो सर्पदंश की बात पर खोजबीन के दौरान गोइठा की ढेर से जहरीले सर्प को डब्बे में बंद कर दिया। साथ ही महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज के लिए लाया, जहां चिकित्सक डॉ. दीपक कुमार ने सर्पदंश से बचाव के लिए इंजेक्शन उपलब्ध रहने की बात कही।
स्वजन अशोक मंडल ने बताया कि सर्पदंश की घटना के बाद जब अस्पताल मरीज को लेकर गए तो चिकित्सक ने समय से इंजेक्शन नहीं लगाया। दस पंद्रह मिनट तक अस्पताल में बीत जाने के बाद पीड़ित मरीज के चक्कर आने की जानकारी चिकित्सक को दी गई तो उन्होंने एक इंजेक्शन लगाने के बाद मायागंज भागलपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही महिला की मौत हो गई।
स्वजन का आरोप है कि अस्पताल में इंजेक्शन उपलब्ध रहने के वाबजूद चिकित्सा में लापरवाही के कारण सर्पदंश से पीड़ित महिला की मौत हुई। यदि जिस तरह घटना के तुरंत पीड़ित को अस्पताल के जाया गया। उसी तरह जहरीले सर्प की पहचान कर (गेहूमन खरीश) को पकड़कर उसे दिखाने पर भी इंजेक्शन नहीं दिया गया। स्वजन ने पोस्टमार्टम नहीं कराया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।