बांका में सम्राट के तीखे सुर: बोले- आरक्षण विरोधी रहे हैं नीतीश कुमार, बाबा बागेश्वर पर राजद को दी चेतावनी
Samrat Choudhary In Banka सम्राट चौधरी बुधवार को बांका में कई कार्यक्रम में शामिल हुए। इस क्रम में उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आरक्षण विरोधी रहे हैं जब कर्पूरी ठाकुर ने 1977 में आरक्षण लागू किया था तो नीतीश कुमार ने इसका विरोध किया था।

बांका, संवाद सूत्र: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी बुधवार को बांका में कई कार्यक्रम में शामिल हुए। इस क्रम में उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आरक्षण विरोधी रहे हैं, जब कर्पूरी ठाकुर ने 1977 में आरक्षण लागू किया था तो नीतीश कुमार ने इसका विरोध किया था।
उन्होंने कहा कि आगामी वर्षो में बांका, भागलपुर एवं जमुई जिले का समुचित विकास किया जाएगा। बिहार के हर प्रमंडल में एयरपोर्ट व जिला मुख्यालय में हवाई जहाज उतरने की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मेमोरी लॉस सीएम हो गए हैं। लोक सभा और विधान सभा चुनाव में बिहार में भाजपा परचम लहराएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, बांका विधायक रामनारायण मंडल के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। सम्राट इस दौरान नीतीश कुमार पर जमकर बरसे।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का राजनीतिक वजूद समाप्त हो चुका है। वे बूढ़े हो चुके हैं और बीमार भी रहते हैं। 2024 के लोस चुनाव और 2025 के विस चुनाव में महागठबंधन को बीजेपी बुरी तरह हराएगी।
बाबा बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री को लेकर राजद के विरोध के सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बाबा को हमलोग पूरा संरक्षण देंगे। राजद की हिम्मत है तो किशनगंज में हो रहे तकरीर को रोककर दिखाए।
जातीय जनगणना के सवाल पर कहा कि सरकार में रहते हुए भारतीय जनता पार्टी ने इसका समर्थन किया था। नीतीश कुमार को इस पर जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार राज्य के बाहर दूसरे दल के नेताओं से विपक्षी एकता के लिए मिलने नहीं जाते हैं, बल्कि वे चाय नाश्ता करने के लिए वहां जाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नई ऊर्जा के साथ खड़ी हो रही है।
इस अवसर पर विधायक रामनारायण मंडल, भाजपा जिलाध्यक्ष बीके मिश्रा, पूर्व विधायक पप्पू यादव, कहलगांव विधायक पवन यादव समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।