Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Banka: चाय बेचने वाली प्रियंका बनी यूपी की पहली महिला सरकारी बस चालक; पति की मौत के बाद खुद लिखी अपनी तकदीर

    By Shambhu DubeyEdited By: Aditi Choudhary
    Updated: Mon, 02 Jan 2023 03:42 PM (IST)

    Priyanka Sharma पुरुषवादी समाज में पति की मौत के बाद जब एक औरत का अस्तित्व खत्म समझा जाता है ऐसे वक्त में प्रियंका शर्मा ने अपनी तकदीर खुद लिखने का फै ...और पढ़ें

    Hero Image
    बाधाओं को झेलकर प्रियंका बनीं महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत

    अमरपुर (बांका), संवाद सूत्र। बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के खरदौरी गांव की प्रियंका शर्मा ने अपने हौसले और जुनून के बल पर आत्मनिर्भर बनकर दिखाया है। प्रियंका बिहार के गरीब तबके से आने वाली महिलाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बनी है। पति की मौत के बाद जब एक औरत का अस्तित्व खत्म समझा जाता है, ऐसे वक्त में प्रियंका ने अपनी तकदीर खुद लिखने का फैसला किया और सफलता पाकर समाज के पुरुषवादी मानसिकता को करारा जवाब दिया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कौशांबी बस डिपो में पहली महिला सरकारी बस चालक बनी

    उत्तर प्रदेश रोडवेज में गाजियाबाद के कौशांबी बस डिपो में पहली महिला सरकारी बस चालक के रूप में ख्याति अर्जित करने वाली प्रियंका दो बच्चों की मां भी है। प्रियंका की प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय भीखनपुर व मध्य विद्यालय मेढ़ियानाथ में हुई। वर्ष 2002 में उसकी शादी भागलपुर जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी गांव के राजीव शर्मा से हुई थी। राजीव दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते थे। प्रियंका भी पति के साथ रहती थी। फिर दो बच्चे हुए। पति को शराब की लत थी, जिसके कारण उनकी दोनों किडनी खराब हो गई। वर्ष 2016 में राजीव की मौत के बाद प्रियंका पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

    ट्रक हेल्पर और चालक का भी काम किया

    इस मुश्किल समय में जब प्रियंका को आर्थिक सहायता की जरूरत थी तो उन्हें ससुराल की जमीन भी नसीब नहीं हुई। फिर भी उन्होंने हालातों के सामने घुटने नहीं टेके और अपने दोनों बेटे आनंद राज और निपुण राज के भविष्य संवारने के लिए दिल्ली में ही चाय की दुकान खोल ली। कुछ दिनों बाद उन्हें ट्रक में बतौर हेल्पर का काम मिला, तो वह एक बार भी नहीं झिझकी। लगभग दो वर्ष कड़ी मेहनत के बाद सितंबर 2022 में हेल्पर से ट्रक चालक बन गई।

    घरवालों ने ट्रक चालक की नौकरी का विरोध किया

    प्रियंका की मां वीणा देवी ने बताया कि जब उन्हें जानकारी मिली की बेटी ट्रक चालक बन गई है, तो परिवार के सभी सदस्यों ने विरोध किया। प्रियंका पर काम छोड़ने का दबाव बनाया गया, लेकिन वह नहीं मानी। प्रियंका ने अपने दोनों बच्चों का भागलपुर के एक निजी स्कूल में एडमिशन करवाया। दोनों बेटे भागलपुर में हॉस्टल में रहते हैं। प्रियंका ने इसके बाद भी अपनी मेहनत जारी रखी।

    बचपन में सहेलियों को पार करवाती थी नदी

    ठीक दो वर्ष पूर्व साल 2020 में यूपी रोडवेज में बस चालक की बहाली निकली थी, जिसमें प्रियंका ने बाजी मार ली। ट्रेनिंग पूरा करने के बाद वर्तमान में प्रियंका गाजियाबाद के कौशांबी बस डिपो से मेरठ, बरेली, ऋषिकेश, देहरादून सहित अन्य शहरों में बस चलाकर जाती है। प्रियंका की बचपन की सहेली खुशबू, कंचन व पूजा ने बताया कि प्रियंका बचपन से ही जुझारू रही है। मेढ़ियानाथ स्कूल जाने के क्रम में रास्ते में विलासी नदी पड़ती है। प्रियंका बारिश के दिनों में नदी में अपनी सहेलियों को हिम्मत देकर नदी पार कराती थी।

    ननिहाल में छुट्टिया बिता रहे प्रियंका के बच्चे

    प्रियंका की मां ने बताया कि उन्हें प्रियंका समेत तीन बच्चे हैं। पुत्र रेलवे में सासाराम में पदस्थापित है। वहीं, दूसरा पुत्र नीलकमल शर्मा उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में पढ़ाई कर रहा है। स्कूल में ठंड की छुट्टी है, तो प्रियंका के दोनों बेटे ननिहाल खरदौरी में ही है। बड़ा बेटा आनंद राज (12 वर्ष) चौथी कक्षा एवं छोटा पुत्र निपुण राज (10 वर्ष) तीसरी कक्षा में पढ़ाई करता है। ज्ञात हो कि इसी प्रखंड की कुमरखाल की रहनेवाली प्रीति कुमारी बिहार की पहली रेल चालक बनी है। प्रीति की शादी गोड्डा जिले में हुई है।