Chhath Puja 2026: छठ महापर्व पर टूटा संप्रदाय का बंधन, बांका में मुस्लिम परिवार बना रहे पूजा का सामान
बांका के जगाय गांव में पांच मुस्लिम परिवार वर्षों से छठ पूजा के लिए आरता, बत्ती और बध्धी तैयार कर ...और पढ़ें

आरता को सुखाता मुस्लिम परिवार। फोटो जागरण
HighLights
जगाय गांव के मुस्लिम परिवार छठ पूजन सामग्री बनाते हैं।
यह कार्य सांप्रदायिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का प्रतीक है।
परिवारों को सरकारी सहायता नहीं, मेहनत से चलती है रोजी-रोटी।
संवाद सहयोगी, बांका। छठ महापर्व केवल आस्था और उपासना का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का भी प्रतीक है। बांका शहर से सटे जगाय गांव के पांच मुस्लिम परिवार इस पर्व पर सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल पेश कर रहे हैं।
ये परिवार वर्षों से छठ पूजा के लिए आरता, बत्ती और बध्धी तैयार करते आ रहे हैं। धर्म अलग है, लेकिन दूसरों की आस्था के प्रति सम्मान और समर्पण ने इन्हें सामाजिक एकता की मिसाल बना दिया है।
इन परिवारों के घरों में इन दिनों छठ की तैयारियां तेज हो गई हैं। महिलाएं और बच्चे भी आरता-बत्ती बनाने के काम में जुटे हैं। इनके हाथों से तैयार आरता बाजार में एक रुपये की दर से उपलब्ध है, जबकि बत्ती बनाने में इस्तेमाल होने वाली रूई करीब 300 रुपये किलो बिक रही है। शहर सहित आसपास के प्रखंडों के दुकानदारों ने भी यहां से पूजन सामग्री की मांग की है।
आरता को तैयार करने के बाद कड़ी धूप में सुखाना पड़ता है। इसके लिए जगाय के आसपास के खेतों को साफ कर आरता सुखाया जा रहा है। बड़ी संख्या में आरता सूखने के लिए खेतों में फैलाए जाने से पूरा इलाका लाल नजर आ रहा है।
निर्माण कार्य में लगे शबरूद्दीन ने बताया कि आरता तैयार करने में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है, ताकि श्रद्धालुओं को शुद्ध पूजन सामग्री उपलब्ध हो सके।
मेहनत से चलती है रोजी-रोटी
आरता निर्माण में लगे शबरूद्दीन, धन्नो मियां, शुबराती और इतबारी ने बताया कि वे वर्षों से छठ और डोरा पर्व के लिए पूजन सामग्री तैयार कर रहे हैं। उनके बनाए आरता, बध्धी और बत्ती का इस्तेमाल श्रद्धालु पूजा में करते हैं।
उन्होंने बताया कि इस काम में परिवार के सभी सदस्य हाथ बंटाते हैं। इसके बावजूद उन्हें आज तक कोई सरकारी सहायता नहीं मिली है। मुश्किल से इतनी कमाई हो पाती है कि रोजी-रोटी चल सके।
इन परिवारों का कहना है कि वे अपनी मेहनत से लोगों की आस्था से जुड़े इस पर्व की तैयारियों में योगदान देते हैं। जगाय के ये परिवार संदेश दे रहे हैं कि आस्था का सम्मान किसी धर्म की सीमा में बंधा नहीं होता, बल्कि आपसी प्रेम और सद्भाव से समाज मजबूत होता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।