विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंदार महोत्सव 2026: डेढ़ महीने पहले शुरू हुई तैयारी, इस बार 'किचन गार्डन' से लेकर बॉलीवुड तक दिखेगा नया रंग

Published: Tue, 24 Nov 2026 08:32 AM (IST)

बौंसी में आयोजित होने वाले मंदार महोत्सव सह राजकीय मेले की तैयारियां डेढ़ महीने पहले ही शुरू हो गई हैं, जिससे इस बार आयोजन के खास होने की उम्मीद है।

समय से शुरू हुई तैयारी, इस बार खास होगा मंदार महोत्सव (जागरण फोटो)

समय से शुरू हुई तैयारी, इस बार खास होगा मंदार महोत्सव (जागरण फोटो)

HighLights

  1. मंदार महोत्सव की तैयारियां डेढ़ महीने पहले ही शुरू हुईं।

  2. कृषि प्रदर्शनी में किचन गार्डन और सब्जियां तैयार की जा रही हैं।

  3. सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर कलाकारों की मांग की गई।

संवाद सहयोगी, बौंसी (बांका)। मंदार महोत्सव सह राजकीय बौंसी मेला इस बार कुछ खास होने की उम्मीद है। इसकी वजह है कि जिला प्रशासन ने मेला शुरू होने से डेढ़ महीने से अधिक समय पहले ही तैयारियां शुरू कर दी हैं। मकर संक्रांति के अवसर पर 14 जनवरी से पांच दिवसीय राजकीय मेले का आगाज होगा।

डीएम अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर विभिन्न विभागों ने अपनी तैयारियों को गति दे दी है। कृषि प्रदर्शनी में किचन गार्डन तैयार करने का काम शुरू हो गया है। वहीं, मत्स्य, जलछाजन और गव्य विकास सहित अन्य विभाग भी अपने-अपने माडल और प्रदर्शनी को आकर्षक बनाने में जुट गए हैं।

कृषि विभाग के अधिकारी मुनीश्वर इस माह कृषि उद्योग प्रदर्शनी स्थल का दो बार निरीक्षण कर चुके हैं। प्रदर्शनी के एक हिस्से में किचन गार्डन विकसित किया जा रहा है। इसके लिए पहले मिट्टी की जुताई कर उसे तैयार किया गया। अब विभिन्न सब्जियों के बीज बोने का काम चल रहा है।

यहां पालक, धनिया, गाजर, मटर, बैंगन, फूलगोभी, पत्तागोभी, मेथी, लाल और हरा साग, लाल व सफेद मूली, मिर्च और स्ट्राबेरी सहित कई प्रकार की सब्जियों के पौधे तैयार किए जाएंगे। इसके बाद फूलों के पौधों के लिए अलग से नर्सरी भी विकसित की जाएगी।

किसान पप्पू मंडल मिट्टी तैयार करने से लेकर पौधों के विकास तक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। समय से शुरुआत होने के कारण इस बार प्रदर्शनी में तैयार पौधों और कृषि तकनीक के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

बेहतर कलाकारों की प्रस्तुति की मांग

मंदार महोत्सव में कृषि प्रदर्शनी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहते हैं। स्थानीय लोगों ने नए डीएम से इस बार नामचीन और बेहतर कलाकारों को बुलाने की मांग की है। पिछले दो वर्षों में कलाकारों के चयन और कार्यक्रमों को लेकर कमीशनखोरी की चर्चाएं होती रही थीं।

एक अधिकारी के मंच पर नृत्य करने और दर्शकों की कुर्सियां टूटने के बाद हुए विवाद ने भी आयोजन की छवि को प्रभावित किया था। हालांकि, संबंधित अधिकारियों का स्थानांतरण हो चुका है। ऐसे में लोगों को उम्मीद है कि इस बार सांस्कृतिक मंच पर गुणवत्तापूर्ण और यादगार प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।

डीएम अंशुल अग्रवाल भी महोत्सव को पहले से अधिक यादगार बनाने की घोषणा कर चुके हैं। ज्ञात हो कि मंदार महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि किसानों और व्यापारियों के लिए भी बड़ा अवसर है। पर्यटन एवं राजस्व विभाग की ओर से आयोजन के लिए 50 लाख रुपये से अधिक का आवंटन किया जाता है।

वहीं, मेला सैरात से राजस्व विभाग को 35 लाख रुपये से अधिक की आय होती है। मेला शुरू होने से पहले सैरात की बंदोबस्ती की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है। मेले में विभिन्न राज्यों से प्रतिदिन 50 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान रहता है।

यह भी पढ़ें- सोनपुर मेले में पहली बार उतरा डोम थिएटर, महज 15 मिनट के 3D शो में मिलेगा VR का रोमांच

यह भी पढ़ें- सोनपुर मेले में 4 दिन सजेगी सुरों और नृत्य की महफिल, नामचीन कलाकार बिखेरेंगे जलवा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।