Banka News: नारियल की खेती से मालामाल होंगे बांका के किसान, सरकार दे रही 75 फीसदी तक सब्सिडी
बांका जिले में इस वर्ष किसान नारियल की खेती करेंगे। उद्यान विभाग किसानों को सब्सिडी दर पर नारियल के पौधे देगा। राज्य सरकार की नारियल वितरण योजना के तहत पूरे जिले में एक हजार पौधे लगाए जाएंगे। किसानों को एक पौधे के लिए केवल 21.25 रुपये देने होंगे। ऑनलाइन आवेदन उद्यान निदेशालय के पोर्टल पर करना होगा। बांका की जलवायु नारियल की खेती के लिए अनुकूल है।
संवाद सूत्र, बांका। जिले के किसान इस साल नारियल की खेती करेंगे। इसके लिए उद्यान विभाग किसानों को अनुदानित दर पर नारियल का पौधा उपलब्ध करा रहा है। राज्य सरकार की नारियल वितरण योजना के तहत एक हजार पौधे पूरे जिले में लगाए जाएंगे। यहां पर पिछले साल भी कुछ पौधे किसानों ने लगाए थे।
उद्यान विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस योजना के तहत एक पौधे की कीमत 85 रुपए निर्धारित की गई है। इस पर किसानों को सरकार 75 फीसदी अनुदान दे रही है। यानी 63.75 रुपए किसानों को अनुदान मिलेगा। किसानों को एक पौधे के लिए महज 21.25 रुपए देने होंगे।
इस योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को उद्यान निदेशालय के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ जमीन का रसीद, किसान निबंधन संख्या, पहचान पत्र आदि जरूरी कागजात देने होंगे। योजना का लाभ किसानों को पहले आओ-पहले पाओ की तर्ज पर दिया जाएगा। एक किसान न्यूनतम पौधों के लिए आवेदन कर सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि नारियल की खेती के लिए किसान एक हेक्टेयर में 178 पौधे लगा सकते हैं। इन पौधों को किसान अपनी परती जमीन या खेतों और तालाब के मेड़ पर भी लगा सकते हैं। बांका जिले की जलवायु नारियल की खेती के लिए अनुकूल मानी जा रही है।
बाजार में खूब रहती है मांग
बता दें कि नारियल की खेती करने वाले किसानों को इसकी मार्केटिंग के लिए परेशानी नहीं झेलनी होगी। किसान इसे आसानी से स्थानीय बाजार में बेच सकते हैं। नारियल की मांग बाजार में पूरे साल रहती है। किसान इसकी खेती कर अच्छी कमाई कर सकते हैं।
अभी यहां के बाजार में कोलकाता और आंध्र प्रदेश से नारियल की आपूर्ति होती है। शहर के फल कारोबारियों के अनुसार हर रोज तीन से चार हजार कच्चा नारियल की बिक्री यहां पर हो रही है।
जिले में इस साल एक हजार नारियल के पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए किसानों को अनुदानित दर पर पौधे दिए जाएंगे। किसान योजना का लाभ लेने के लिए आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
निरंजन कुमार, सहायक निदेशक, उद्यान।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।