बांका में डीजे का विवाद सुलझाने गए थे कुख्यात कार्तिक चौधरी, ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला
बांका जिले के बाराहाट में डीजे बजाने के पुराने विवाद में कार्तिक चौधरी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गोलीबारी में कन्हैया राय घायल हो गए। कार्तिक पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है आपसी वर्चस्व को लेकर हत्या की आशंका है।

संवाद सूत्र, बाराहाट (बांका)। जिला के मिर्जापुर पंचायत के लौनी गांव में गुरुवार रात डीजे बजाने के पुराने विवाद में मिर्जापुर निवासी 45 वर्षीय कार्तिक चौधरी की पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।
जबकि गोलीबारी में दुमका जिले के वेहराडीह थाना के हंसडीहा निवासी कन्हैया राय को कंधे में गोली लगी है। कन्हैया साली की शादी समारोह में ससुराल आया था। घायल कन्हैया का इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है।
मृत कार्तिक पर लक्ष्मण चौधरी हत्याकांड, दवा व्यवसायी अजय साह अपहरणकांड सहित छह केस दर्ज था। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने पुराने विवाद में एक दूसरे पर मारपीट व हत्या को लेकर बारह को नामजद किया है।
चर्चा है कि अवैध बालू खनन में भी मृतक शामिल था। आपसी वर्चस्व को लेकर हत्या हुई है। पुलिस ने कहा कि शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार गांव में कुछ दिन पहले डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद को सुलझाने के लिए कार्तिक चौधरी अपने साथियों के साथ लौनी गांव गुरुवार की रात गया था। बातचीत के क्रम में मामला बिगड़ गया।
विवाद में समूह में एक युवक ने गोली चला दी। उक्त गोली कन्हैया राय को लग गई। इसके बाद ग्रामीण आक्रोशित होकर विवाद सुलझाने पहुंचे युवकों पर हमला बोल दिया। इसमें चार युवक भाग गए। जबकि कार्तिक भीड़ के हत्थे चढ़ गया।
ग्रामीणों ने पीट-पीट कर कार्तिक को अधमरा कर दिया। स्वजन इलाज के लिए उसे पुनसिया अस्पताल से भागलपुर ले गए। जहां उसकी मौत हो गई। इधर, मौत की सूचना पर कार्तिक पक्ष के लोग गांव पहुंचकर गोलीबारी करने लगे।
पुलिस ने स्थिति को किया नियंत्रित
बाद में पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। इस मामले में मृतक की पत्नी मनीषा देवी ने कहा कि उसका पति कार्तिक चौधरी ग्रामीण रामशरण चौधरी और जितेंद्र चौधरी, डीजे संचालक मुलुक गांव निवासी मुन्ना राय एवं पुनसिया बस्ती के निरंजन चौधरी के साथ बाइक पर सवार होकर पुराने विवाद सुलझाने के लिए लौनी गांव गये थे।
इसी क्रम में विवाद में गौरीशंकर सिंह, रंजीत सिंह ,संजीव सिंह, राजन सिंह, गुरुराम राय ने पति के साथ मारपीट कर गोलीबारी की।
इधर, दूसरे पक्ष के घायल कन्हैया राय की पत्नी चांदनी देवी ने कहा कि कि वह अपने पति कन्हैया राय के साथ बहन की शादी में आई हुई थी। इस क्रम में पति कन्हैया राय घर के आगे बैठे थे। तभी डीजे संचालक मुन्ना राय, कार्तिक चौधरी, रामशरण चौधरी, जितेंद्र और निरंजन यादव सहित अन्य गाली-गलौज करने लगे।
पति कन्हैया राय द्वारा विरोध किया तो तो सभी ने हथियार से फायरिंग करना शुरू कर दिया। इसी क्रम में मुन्ना राय ने पति कन्हैया राय के ऊपर गोली चला दी। भागने के क्रम में ग्रामीणों ने कार्तिक चौधरी को पकड़कर मारपीट की है।
पुलिस कर रही छापामारी
घटनास्थल से दो मोटरसाइकिल, एक कट्टा तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस कैंप कर रही है। इस संबंध में डीएसपी अर्चना कुमारी ने कहा कि आपसी वर्चस्व के विवाद में कार्तिक की हत्या हुई है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।