Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Banka News: अमरपुर में शक के कारण पत्नी की गंडासे से हमला कर हत्या, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

    Updated: Thu, 04 Sep 2025 04:00 PM (IST)

    बांका के अमरपुर में अनिल राम ने अपनी पत्नी गुड़िया देवी की हत्या कर दी। शक के चलते दंपति में अक्सर झगड़ा होता था। घटना के बाद आरोपी फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है। गुड़िया देवी के परिवार में मातम छाया हुआ है।

    Hero Image
    अमरपुर में शक के कारण पत्नी की गंडासे से हमला कर हत्या

    संवाद सहयोगी, अमरपुर (बांका)। कोलबुर्जग पंचायत के खुर्दकोल गांव में बुधवार की रात 55 वर्षीय गुड़िया देवी की हत्या उसके ही पति ने कर दी। घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद आरोपित पति अनिल राम मौके से भागने में सफल रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतका का पति अनिल राम पिछले एक दशक से कोलकाता में रहकर मजदूरी करता था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    करीब तीन माह पहले ही वह गांव लौटा था। घर आने के बाद से ही उसे अपनी पत्नी पर अविश्वास सताने लगा। स्वजन ने भी बताया कि अनिल राम को संदेह था कि पत्नी गुड़िया देवी का गांव के ही एक व्यक्ति से अवैध संबंध है। इसी आशंका को लेकर पिछले दो महीनों से पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद और मारपीट का सिलसिला जारी था।

    परिवार में कलह के कारण अनिल राम परिवार से अलग होकर खाना बनाता और अकेले खाता था। मृतका के पुत्र आनंद कुमार राम ने कहा कि पिता को कई बार समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने किसी की बात नहीं सुनी।

    बताया कि बुधवार की रात मां गुड़िया देवी घर की अन्य महिला सदस्य के साथ कमरे में सो रही थी। तभी पिता अनिल राम ने सुप्तावस्था में ही मां गुड़िया देवी पर गंडासे से हमला कर दिया। घटना करने के बाद वह मौके से फरार हो गया। जख्मी गुड़िया देवी की चीख-पुकार सुनकर अन्य परिजन कमरे में पहुंचे तो देखा कि कमरे में खून फैला हुआ है।

    आनन-फानन में स्वजन ने एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉ. दिवाकर सिंह ने जांच कर मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर दारोगा मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ रेफरल अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया।

    पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना गंडासा बरामद किया। मृतका गुड़िया देवी चार पुत्रों और एक पुत्री की मां थीं। अचानक मां को इस तरह खो देने से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

    पुलिस ने बताया कि स्वजन के बयान के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा। आरोपित पति अनिल राम की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

    comedy show banner
    comedy show banner