Banka: 6 सवारी बैठाने के नियम को ऑटो चालक बता रहे धत्ता...13 सवारी संग भर रहे सड़कों पर फर्राटा
बांका में ऑटो में छह से अधिक यात्रियों को ले जाने पर रोक है। इसके बावजूद ऑटो में छह सवारी की जगह 13 सवारी भरकर सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। जिसकी वजह से दुर्घटना बढ़ गई है। यातायात पुलिस को ई-चालान काटने का आदेश है। इसके बाद भी कुछ स्थानों पर इसकी सुस्ती से ओवरलोड ऑटो का परिचालन जारी है।

संवाद सूत्र, बांका: बांका में ऑटो में छह से अधिक यात्रियों को ले जाने पर रोक है। इसके बावजूद ऑटो में छह की जगह 13 सवारी भरकर सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। जिसके चलते दुर्घटना बढ़ गई है। यातायात पुलिस को ई-चालान काटने का आदेश है। इसके बाद भी कुछ स्थानों पर इसकी सुस्ती से ओवरलोड ऑटो का परिचालन जारी है।
बांका जिला मुख्यालय से ढ़ाकामोड़, कटेली मोड़, बौंसी, रजौन, अमरपुर, खेसर,शंभूगंज सहित अन्य स्थानों के लिए ऑटो में ओवरलोड सवारी देखे जा रहे हैं।
इसके अलावा चालकों द्वारा नियमों की भी अनदेखी की जा रही है। बांका से अमरपुर, बौंसी और पुनसिया के लिए 200 से अधिक की संख्या में ऑटो का परिचालन हो रहा है। इस पर प्रशासनिक स्तर से पहल नहीं होने से एक दर्जन से अधिक यात्रियों को बिठाया जा रहा है।
स्पीड पर भी नहीं हो रहा नियंत्रण
ओवरलोड के साथ स्पीड पर भी नियंत्रण नहीं है। बौंसी और रजौन प्रखंड में ऑटो की संख्या अधिक है। वहीं, कई ऑटो चालक भी नाबालिग हैं। इसके बाद भी परिवहन विभाग द्वारा इसके खिलाफ कोई अभियान नहीं चलाने से यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है।
लोगों की राय
इस मामले में लोगों का कहना है कि ऑटो की स्पीड में कोई नियंत्रण नहीं है। इस पर प्रशासनिक स्तर से पहल होकर इस तरह के चालकों पर कार्रवाई की आवश्यकता है। सीट के अनुसार सवारी लेकर चलने की जरूरत है।
ओवरलोड ऑटो पर कार्रवाई
यातायात थानाध्यक्ष हरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि 'ऑटो पर प्रशासनिक स्तर से निगरानी हो रही है। हर जगहों पर पुलिस की तैनाती रहती है। स्पीड और ओवरलोड ऑटो पर भी कार्रवाई हो रही है। नए चालकों पर पुलिस की खास निगरानी रहती है। समय-समय पर यातायात प्रभावित नहीं हो, इसके लिए वे खुद इसकी मॉनिटरिंग करते हैं। इस तरह की समस्या अगर हो रही है, तो इस पर कार्रवाई की जाएगी।'
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।