Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बांका में किडनैपिंग के बाद हत्या, दो भाइयों को उठा ले गए थे बदमाश; एक का रेता गला दूसरे ने पेड़ पर चढ़कर बचाई जान

    By Edited By:
    Updated: Thu, 15 Sep 2022 02:41 AM (IST)

    बांका के झिटका गांव में एक किशोर की हत्या कर दी गई। मंगलवार देर शाम को गांव से बदमाश दो भाइयों को अगवा कर ले गए थे। एक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। वहीं गांव में जमीन विवाद के चलते हत्या किए जाने की चर्चा है।

    Hero Image
    बांका में किडनैपिंग के बाद एक किशोर की हत्या।

    बांका, जागरण संवाददाता। बिहार के बांका जिले में दो भाइयों के अपहरण के बाद एक की हत्या कर दी गई। दूसरा भाई बुधवार की सुबह किसी तरह जान बचाकर भाग आया था। वह गंभीर रूप से घायल है। दोनों को मंगलवार की शाम गांव से हथियार के बल पर बदमाशों ने अगवा कर लिया था। बुधवार दोपहर किशोर का शव मिलने पर हड़कंप मच गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    परघड़ी-लकड़ा पंचायत के झिटका गांव से मंगलवार देर शाम से गायब दो छात्रों में एक का शव बुधवार दोपहर झिटका बहियार से मिला, जबकि दूसरा छात्र किसी तरह जान बचाकर भाग आया। वह भी गंभीर रूप से जख्मी है। मृतक दीनबंधु कुमार झिटका गांव निवासी भोपाल यादव का बेटा है, जबकि जख्मी, अर्जुन यादव का 15 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार है। पुलिस ने इस मामले में चार के खिलाफ केस दर्ज किया है।

    पेड़ पर चढ़कर बचाई जान

    स्वजनों ने बताया कि मंगलवार देर शाम दोनों छात्र शौच के लिए बहियार गए थे। इसी समय अज्ञात पांच अपराधियों ने दोनों का अपहरण कर लिया। इस दौरान रोहित अपराधियों के चुंगल से किसी तरह निकल कर बहियार में छिप गया।

    शरीर के कई हिस्से में लगी चोट

    काफी रात होने के बाद जब दोनों छात्र घर वापस नहीं लौटे तो स्वजन खोजबीन करने लगे। इस दौरान रोहित एक पेड़ पर बैठा मिला। उसे पेड़ से उतारा गया। दीनबंधु के बारे में रोहित कुछ बोल नहीं पा रहा था। स्वजनों ने जख्मी हालत में रोहित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। रोहित के शरीर के कई हिस्से में चोट लगी हैं।

    गर्दन के पीछे किया गया था वार

    बुधवार की दोपहर झिटका बहियार के पास चरवाहे की नजर एक युवक के शव पर पड़ी। शव की पहचान दिनबंधु कुमार के रूप में हुई। छात्र के गर्दन के पीछे तेज धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई थी। शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें भी थी।

    दो दिन पहले आया था घर

    अपने बेटे के खोने के गम में पिता भोपाल यादव और माता कौशल्या देवी बार-बार बेहोश हो रहे थे। घटना की सूचना पर रजौन सर्किल इंस्पेक्टर वकील प्रसाद यादव और थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, धनकुंड थानाध्यक्ष मंटू कुमार शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है।

    जमीन विवाद में हत्या की चर्चा

    इधर, जमीन विवाद के कारण घटना को अंजाम देने की चर्चा है। दीनबंधु कुमार निर्मल गुरुकुल आवासीय विद्यालय धौनी में दसवीं कक्षा का छात्र था। दो दिन पूर्व ही छुट्टी में घर गया था। इस मामले में पिता भोपाल ने गांव के ही चार लोगों पर केस दर्ज कराया है।

    बांका के एसपी डॉ सत्यप्रकाश का कहना है कि जांच के लिए एसआइटी का गठन किया गया है। दूसरे छात्र से पुलिस पूछताछ कर रही है। भूमि विवाद सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।