काजल बनाने वाली राख की चोरी: पायलट कार से हो रही थी एस्कॉर्टिंग, औरंगाबाद पुलिस ने 3 को दबोचा
औरंगाबाद में बीआरबीसीएल (एनटीपीसी) बिजली परियोजना से अवैध रूप से सेनोस्फीयर राख चोरी कर छत्तीसगढ़ ले जा रहे एक ट्रक को जब्त किया गया है।

NTPC से राख की तस्करी का भंडाफोड़ (AI Generated Image)
HighLights
बीआरबीसीएल (एनटीपीसी) से सेनोस्फीयर राख की चोरी का मामला।
राख से भरा ट्रक छत्तीसगढ़ ले जाते हुए जब्त किया गया।
ट्रक चालक सहित तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। बीआरबीसीएल (एनटीपीसी) बिजली परियोजना से अवैध रूप से सेनोस्फीयर राख चोरी कर छत्तीसगढ़ ले जाने का मामला सामने आया है। नबीनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राख लदे ट्रक को मंगलवार को जब्त किया है।
मौके से ट्रक चालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने लाइनर के रूप में इस्तेमाल की जा रही एक कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बीआरबीसीएल परियोजना से राख चोरी कर ट्रक से छत्तीसगढ़ ले जाने की सूचना मिली थी। ट्रक के आगे एक कार से लाइनर का काम किए जाने की भी जानकारी मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस ने रमण मोड़ बालू घाट स्थित आर्यन धर्मकांटा पर छापामारी की। उस समय ट्रक का वजन कराया जा रहा था।
पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो राख चोरी कर छत्तीसगढ़ ले जाने का मामला सामने आया।
गिरफ्तार चालक की पहचान छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के बारीक गांव निवासी ललित कुमार बारीक के रूप में हुई है। उसकी निशानदेही पर कार में बैठे दो अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
इनमें एनटीपीसी खैरा थाना क्षेत्र के खदहा गांव निवासी 45 वर्षीय अमरेंद्र कुशवाहा और 32 वर्षीय मनोज कुमार शामिल हैं।
थानाध्यक्ष मृत्युंजय उपाध्याय ने बताया कि राख से संबंधित वैध कागजात मांगे जाने पर चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में तीनों आरोपितों ने राख चोरी कर छत्तीसगढ़ में बेचने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की। इसके बाद ट्रक, कार और तीन मोबाइल फोन जब्त कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जब्त राख का उपयोग काजल समेत अन्य सामान बनाने में किया जाता है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की इस घटना में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
