औरंगाबाद में मेला घूमने निकले छात्र का रेलवे ट्रैक पर दो टुकड़ों में मिला शव, CCTV खंगाल रही पुलिस
औरंगाबाद के नबीनगर रोड रेलवे स्टेशन के पास एक 19 वर्षीय छात्र अंकित कुमार का शव दो टुकड़ों में मिला। ...और पढ़ें

रेलवे ट्रैक पर दो टुकड़ों में मिला शव (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
नबीनगर रोड स्टेशन पर 19 वर्षीय छात्र अंकित का शव मिला।
परिवार ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस जांच में जुटी।
सीसीटीवी फुटेज से घटना की सच्चाई जानने का प्रयास।
संवाद सूत्र, नबीनगर (औरंगाबाद)। नबीनगर रोड रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को रेलवे ट्रैक पर 19 वर्षीय छात्र अंकित कुमार का दो टुकड़ों में शव मिलने से ग्रामीण हतप्रभ रह गए। माली थाना क्षेत्र के खंभा गांव निवासी सुनील पासवान के पुत्र अंकित ने आत्महत्या किया या किसी ने हत्या कर शव को रेल ट्रैक पर फेंक दिया यह रहस्य बना है।
ग्रामीणों के अनुसार अंकित शिवसागर उच्च विद्यालय में इंटर का छात्र था। उसकी मौत हत्या है या आत्महत्या, इसे लेकर स्वजन संशय में हैं। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मेला घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला
अंकित के पिता सुनील ने पुलिस को बताया कि उनका परिवार नबीनगर अनुग्रह नारायण स्टेडियम के पास निहोरा भवन में किराये के मकान में रहता है। सोमवार की सुबह करीब 9:30 बजे अंकित अपनी मां से मेला घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला था।
करीब दो घंटे तक वापस नहीं लौटने पर स्वजन उसकी खोजबीन करने लगे। इसी बीच इंटरनेट मीडिया के माध्यम से नबीनगर रोड रेलवे स्टेशन के पास युवक का शव मिलने की सूचना मिली। स्वजन स्टेशन पहुंचे तो शव की पहचान अंकित के रूप में हुई।
निष्पक्ष जांच कराने की मांग
पिता ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि घटनास्थल पर खून का निशान नहीं दिखने से कई सवाल उठ रहे हैं। घटनास्थल पर खून के निशान नहीं थे। उन्होंने स्टेशन पर लगे कैमरे के सीसीटीवी फुटेज निकालकर जांच कराने की मांग किया है।

उनका मानना है कि फुटेज से अंकित के स्टेशन पहुंचने और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी मिल सकती है। अंकित अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम पसरा है। बेटे की मौत के बाद पिता एवं मां रो रहे हैं। वे समझ नहीं पा रहे हैं, यह सब कैसे हो गया।
शव को रेल ट्रैक पर फेंक दिया
पुलिसिया जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की गुत्थी सुलझ सकती है। वैसे इलाके में चर्चा है कि अंकित की हत्या कर अपराधियों ने शव को रेल ट्रैक पर फेंक दिया है। रेल थानाध्यक्ष रामविलास राम ने बताया कि पूरे मामले की तहकीकात की जा रही है। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी को देखा जा रहा है।
