बिहार के MLA ने मां विंध्यवासिनी को चढ़ाया साढ़े 17 लाख की कीमत का सोने का मुकुट, SBI के लॉकर में रखवाया गया
बिहार के ओबरा से विधायक डॉ. प्रकाश चंद्रा ने विंध्याचल में मां विंध्यवासिनी को 17 लाख से अधिक का स्वर्ण मुकुट अर्पित किया।

औरंगाबाद विधायक ने मां विंध्यवासिनी को चढ़ाया 130 ग्राम सोने का भव्य मुकुट। (जागरण)
HighLights
विधायक प्रकाश चंद्रा ने मां विंध्यवासिनी को स्वर्ण मुकुट अर्पित किया।
मुकुट का वजन 130 ग्राम, कीमत 17 लाख रुपये।
सुरक्षा हेतु SBI के लॉकर में सुरक्षित रखा गया।
डिजिटल डेस्क, औरंगाबाद। उत्तर प्रदेश में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ विंध्याचल में रविवार को बिहार के ओबरा (औरंगाबाद) से लोजपा (रामविलास) के विधायक डॉ. प्रकाश चंद्रा ने मां विंध्यवासिनी के दर्शन किए।
इस दौरान उन्होंने मां के चरणों में 130 ग्राम से अधिक वजन का नक्काशीदार सोने का भव्य मुकुट समर्पित किया। पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां की पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने यह भेंट मंदिर प्रबंधन को सौंपी।
विधायक द्वारा प्रस्तुत स्वर्णकार की रसीद के अनुसार, 130.098 ग्राम वजनी इस स्वर्ण मुकुट की कुल लागत 17 लाख 41 हजार 52 रुपये है।
इस अवसर पर आस्था व्यक्त करते हुए विधायक प्रकाश चंद्रा ने कहा कि मां विंध्यवासिनी की कृपा से ही वे आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं। उनके दरबार में आने से असीम शांति का अनुभव होता है और यहां से कोई भी भक्त खाली हाथ नहीं लौटता।
इधर, मुकुट के अत्यधिक मूल्यवान होने के कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विंध्य विकास परिषद के सचिव सह नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार ने पूजन के बाद इसे भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के सुरक्षित लॉकर में रखवा दिया है। विशेष पर्वों और प्रमुख अवसरों पर ही इसे गर्भगृह में दर्शन-पूजन के लिए निकाला जाएगा।