Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    अरवल में बारातियों से भरी पिकअप गड्ढे में पलटी, दूल्हे के 5 वर्षीय भांजा सहित 2 की मौत; 14 लोग घायल

    By Jagran NewsEdited By: Aditi Choudhary
    Updated: Wed, 07 Jun 2023 10:28 AM (IST)

    अरवल में बारातियों से भरी पिकअप गड्ढे में पलट गई। हादसे के वक्त गाड़ी में दो दर्जन से अधिक लोग सवार थे। घटना में दो बच्चों की मौत हो गई। वहीं कई बच्चे और महिलाएं घायल हैं। सभी औरंगाबाद से लौट रहे थे।

    Hero Image
    दुर्घटना के बाद बदहवास पड़े घायल बच्चे और महिलाएं। जागरण

    अरवल, जागरण संवाददाता। बिहार के अरवल जिला में बुधवार की सुबह बारातियों से भरी एक पिकअप वैन दर्दनाक सड़क हादसे की शिकार हो गई। इस हादसे में वैन सवार दो किशोर की मौत हो गई, जबकि 14 बाराती जख्मी हो गए। घायलों में अधिकांश बच्चे-बच्चियां हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सभी लोग पिकअप वैन पर सवार होकर औरंगाबाद जिले के देवकुंड सूर्य मंदिर में शादी संपन्न होने के बाद घर लौट रहे थे। अरवल के करपी प्रखंड में एसएच-68 पर पिकअप पलट गई। घायलों में कई महिलाएं भी शामिल हैं। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई।

    डायल 112 नंबर की पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से सभी को करपी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।  प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को अरवल सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के क्रम में दूसरे किशाेर राजीव की भी मौत हो गई। सात वर्षीय कोमल कुमारी व 48 वर्षीय सिद्धि पासवान को गंभीर स्थिति देखते हुए पटना रेफर किया गया है।

    अरवल से औरंगाबाद गई थी बारात

    मृतक सूरज कुमार (5 वर्ष) दूल्हे का चचेरे भांजा है। मंगलवार की रात औरंगाबाद जिले के शमशेर नगर से लड़की पक्ष और अरवल जिले के कुर्था प्रखंड के कोदमरई गांव से लड़का पक्ष देवकुंड मंदिर पहुंचे थे। राज किशोर पासवान की शादी थी।

    दो दर्जन से अधिक लोग थे सवार

    यह हादसा चैनपुर मोड़ के पास हुआ। यहां तीखा मोड़ है। रफ्तार तेज होने के कारण वैन सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। वैन पर दो दर्जन बाराती सवार थे, जिनमें कई चोटिल भी हुए हैं। घटना की सूचना पर मृतकों व घायलों के स्वजन अस्पताल पहुंचे। सभी लोग अरवल के कुर्था प्रखंड के कोरमोरिया गांव के बताए जा रहे हैं।