Bihar News: नहीं रहे अरवल के पूर्व BJP विधायक चितरंजन शर्मा, हैदराबाद में ली आखिरी सांस
अरवल के पूर्व भाजपा विधायक चितरंजन शर्मा का बुधवार को हैदराबाद में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें पेट से संबंधित बीमारी थी जिसका इलाज चल रहा था। पिछले दो महीने से ज्यादा तबीयत खराब होने के कारण वे हैदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती थे जहाँ आज सुबह 10 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
जागरण संवाददाता, अरवल। अरवल विधानसभा के पूर्व भाजपा विधायक चितरंजन शर्मा का बुधवार को निधन हो गया। वे लम्बे समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें पेट से संबंधित बीमारी थी, जिसका इलाज से चल रहा था।
पिछले दो महीने से ज्यादा तबीयत खराब होने के कारण हैदराबाद में अस्पताल में भर्ती थे जहां बुधवार की सुबह 10 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
अरवल से 2010 में भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। वह पटना जिला के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के नीमा गांव के निवासी थे। उनके निधन कि खबर मिलते ही अरवल में भाजपा के कार्यकर्ता उदास हो गए।
प्रदेश प्रवक्ता सचिदानंद पीयूष, जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र तिवारी ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी के एक मजबूत प्रहरी पूर्व विधायक चितरंजन कुमार का निधन पार्टी की अपूरणीय क्षति है।कम दिनों में हम सबों को छोड़कर चला जाना अत्यंत दुखद व पीड़ादायक है।
24 घंटे जनता की सेवा के लिए तत्पर रहते थे चितरंजन शर्मा : जगदीश शर्मा
- चितरंजन शर्मा के निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों, बुद्धिजीवियों एवं स्वयंसेवियों ने शोक व्यक्त की है। पूर्व सांसद डॉ. जगदीश शर्मा ने कहा कि चितरंजन शर्मा जनसेवा के प्रति समर्पित थे।
- जनता की सेवा के लिए 24 घंटे तत्पर रहते थे। जनता के लिए उपलब्ध रहना उन्हें लोगों के बीच लोकप्रिय बनाता था। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनके स्वजन को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करें।
- भाजपा जिलाध्यक्ष अजय कुमार देव ने कहा कि वे पार्टी के समर्पित एवं निष्ठावान कार्यकर्ता थे। उनका राजनैतिक जीवन पार्टी के विस्तार के लिए समर्पित रहा।
- 2010 से 2015 तक अरवल के विधायक एवं पार्टी के प्रदेश मंत्री के रूप में उनका कार्य उल्लेखनीय रहा। हमेशा जन सरोकार के कार्य में तल्लीन रहते थे।
- जदयू जिलाध्यक्ष दिलीप कुशवाहा ने कहा कि उनकी मृत्यु राजनीति जगत की अपूरणीय क्षति है। उनके कार्यकाल में अरवल विधानसभा क्षेत्र में कई जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की गईं।
- जदयू नेता निरंजन केशव प्रिंस ने कहा कि वे एक सरल, विनम्र और जनप्रिय नेता थे। उनका योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।
क्या बोले भाजपा नेता?
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष शशि रंजन कहा कि चितरंजन शर्मा की मृत्यु से जहानाबाद और अरवल में भारतीय जनता पार्टी को भारी क्षती पहुंची है, वे लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के लिए काम कर रहे थे और मगध में संगठन को मजबूत करने में एक भूमिका भी उन्होंने निभाई थी।
विधान पार्षद अनिल शर्मा, डॉ प्रमोद चंद्रवंशी,पूर्व विधान पार्षद राधा मोहन शर्मा ,निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा, जिला महामंत्री धीरज कुमार, सहित दर्जनों नेताओं ने शोक संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।