Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अररिया में बड़ा हादसा, तालाब में नहाने के दौरान तीन किशोरों की डूबने से मौत

    Updated: Sat, 19 Jul 2025 07:06 PM (IST)

    अररिया के जोगबनी में नेताजी चौक के पास बड़ा शिवालय पोखर में नहाने गए चार किशोरों में से तीन की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। ये दुखद घटना शनिवार को घटी। तीनों किशोर वार्ड नंबर आठ छोटी मस्जिद के निवासी थे। मृतकों की पहचान राजा खान साहिल और अरसलान के रूप में हुई है।

    Hero Image
    प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)

    संवाद सूत्र, जोगबनी (अररिया)। जोगबनी नेताजी चौक स्थित बड़ा शिवालय पोखर में नहाने गए चार किशोरों में से तीन की डूबने से मौत हो गई। घटना शनिवार दोपहर की है। तीनों किशोर पास के ही वार्ड नंबर आठ छोटी मस्जिद के रहने वाले थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मृतकों की पहचान आशिक खान के पुत्र राजा खान 17 वर्ष, असलम के पुत्र साहिल 16 वर्ष और मो करीम के 17 वर्षीय पुत्र अरसलान के रूप में हुई है।

    घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि तीनों किशोर दोपहर में नहाने के लिए पोखर गए थे। उनके साथ नन्हे का 16 वर्षीय पुत्र अरबाज भी था। नहाने के दौरान तीनों किशोर गहरे पानी में चले गए। अरबाज ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका। जिस कारण तीनों डूब गये।

    घटना के बाद उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पोखर में काफी देर तक तीनों किशोर की खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था। इसके बाद एसएसबी को सूचना दी गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद एसएसबी के गोताखोरों ने तीनों किशोरों को पोखर से बाहर निकाला।

    इसके बाद उन्हें इलाज के लिए नेपाल के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जोगबनी थानाध्यक्ष राजीव कुमार आजाद ने घटना की पुष्टि की है।

    उन्होंने बताया कि स्वजनों ने लिखित आवेदन देकर पोस्टमार्टम से इंकार कर दिया है। मौके पर फारबिसगंज एसडीएम रंजीत कुमार रंजन, बीडीओ संजय कुमार, सीओ ललन ठाकुर, बीपीआरओ शशि रंजन, जोगबनी नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी मीनाक्षी कुमारी, मुनीलाल यादव, नप कर्मी परवेज आलम और संजीत शर्मा पहुंचे।

    घटना की सूचना पर भी एसडीआरएफ की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इससे लोगों में आक्रोश देखा गया। इधर पूर्व विधायक जाकिर हुसैन खान, राजू राय, बबलू अनवर, अंजार अहमद, रियाजउद्दीन सहित कई लोगों ने पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है।

    comedy show banner
    comedy show banner