Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Voter Adhikar Yatra: आज अररिया में गरजे महागठबंधन के नेता, तेजस्वी ने कहा- चुनाव आयोग अब गोदी आयोग बन गया है

    अररिया में एक सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वह बिहार के लोगों को उनका हक दिलाकर रहेंगे और वोट चोरी नहीं होने देंगे। तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर भाजपा का समर्थन करने का आरोप लगाया। मुकेश सहनी ने वोट के अधिकार के लिए लड़ने का आह्वान किया जबकि दीपांकर भट्टाचार्य ने मतदाता सूची से नाम हटाने पर सवाल उठाए।

    By Krishna Parihar Edited By: Krishna Parihar Updated: Sun, 24 Aug 2025 07:22 PM (IST)
    Hero Image
    आज अररिया में गरजे महागठबंधन के नेता

    जागरण संवाददाता, अररिया। शहर के चांदनी चौक पर सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि हम वोट चोरी नहीं होने देंगे। पूरी शक्ति से लड़ाई लड़ रहे हैं। बिहार के लोगों को उसका हक दिलाकर ही रहेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने कहा कि बिहार से सबसे अधिक पलायन होता है। बेरोजगारी व गरीबी अधिक है। लोगों को उसका हक नहीं मिल रहा है। यहां के लोगों को उसका अधिकार दिलाना हमारा मकसद है। वोटर लिस्ट दिखाकर कहा कि जिंदा को मुर्दे बना कर वोट लिस्ट से नाम हटा दिया गया है।

    उन्होंने चुनाव आयोग पर वोट चोरी करके भाजपा को लाभ पहुंचाने और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल किया। हमारा पूरा दबाव चुनाव आयोग के व्यवहार को बदलने का है और हम इसे नहीं छोड़ेंगे। आयोग का काम सही वोटर लिस्ट देना है। कर्नाटक में हमने सवाल रखा, उसका जवाब आयोग ने नहीं दिया।

    राहुल ने कहा सभा में सही लोग आ रहे हैं। यहां का बच्चा-बच्चा पोलिटिकली एक्टीवेट हो गया है। भाजपा और चुनाव आयोग बहुत अच्छे तरीके से एक दूसरे के पार्टनर बनकर एक दूसरे की मदद हो रही है। राहुल गांधी ने अपना संबाेधन वोट चोर के नारे से किया।

    संविधान की पुस्तक दिखाते हुए कहा हिंदुस्तान में हर नागरिक को एक वोट मिलेगा। संबोधन के दौरान गुंलाबी शर्ट वाले बच्चे पर नजर पड़ते ही पास बुलाया और कहा इसको और अंबानी का जो बेटा है, उसको एक-एक वोट मिलेगा। हिंदुस्तान के सबसे अमीर बच्चे को भी एक वोट मिलेगा और सबसे गरीब बच्चे को भी एक वोट मिलेगा। ये संविधान कहता है।

    LOP ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी ने आपके सब रास्ते बंद कर दिए। सवालिया लहजे में कहा अग्निवीर से आपका रास्ता खुला या बंद हुआ। पब्लिक सेक्टर को प्राइवेटाइज कर दिया। जो आपका हक है आपका वोट है उसको चुराने में लगे हैं। क्योंकि वह नहीं चाहते कि गरीबो, दलितों, अल्पसंख्यकों, आदिवासियों की आवाज सुनाई दे।

    वह चाहते हैं देश में सिर्फ अंबानी और अडाणी की आवाज सुनाई दे। बिहार में एसआईआर लागू कर लाखों वोटरों को बाहर किया। कहते हैं हम न्याय दिलवा रहे हैं। बिहार में एक भी वोट चोरी नहीं होने देना है। जो भी वोट चोरी होंगे वे हमारे गठबंधन के होंगे।

    चुनाव आयोग अब गोदी आयोग बन गया है: तेजस्वी

    यात्रा के दौरान रैली को संबाेधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग अब चुनाव आयोग नहीं रह गया। यह अब गोदी आयोग बन गया है। यह भाजपा के एक अंग के रूप में काम कर रहा है।

    राहुल गांधी प्रजातंत्र को बचाने के लिए, संविधान को बचाने के लिए, लोगों के वोट के अधिकार को बचाने के लिए यात्रा कर रहे हैं। कहा मोदी जी बिहारी को चुना लगाने का कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें नहीं पता कि हम बिहारी खैनी में चूना रगड़कर उसे झाड़ देते हैं।

    उन्होंने लोगों से बिहार की वर्तमान सरकार को बदलने की बात कही। कहा वोट चोरी हो रही है, आपके अधिकार को छीना जा रहा है। आप सब लोगों को अपने अधिकार का हिफाजत करना होगा।

    आपको पता है देश का भूत कौन है, देश का भूत मोदी जी का झूठ है। इस देश पर सबों का अधिकार है। ये लोग हमलोगों का अस्तित्व मिटाने का प्रयास कर रहे हैं। इसलिए आप सब लोगों को एकजुट होना है और आने वाले चुनाव में इन नकारा सरकार को बदलना होगा।

    वोट चोरी कर सत्ता में बने हुए हैं: मुकेश सहनी

    सभा को सबोधित करते हुए वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा केंद्र सरकार वोट चोरी कर सत्ता में बने हुए हैं। वोट आपका अधिकार है। आप इस वोट के लिए लड़ाई लड़िए। आपके वोट में वह अधिकार है,जो सत्ता बदल देगी। देश का जो सबसे अमीर व्यक्ति होगा, उसके वोट के बराबर आपका भी वोट है। जब तक हमारा वोट का अधिकार होगा, दलित पिछड़ा सर उठाकर जिएगा।

    नागरिक यहां के मालिक हैं। उन्हें हर पांच साल पर नेता चुनने का मौका मिलता है। जब हमारे पास वोट का अधिकार नहीं था तो हम गुलाम थे। आज हमें वोट का अधिकार नहीं होता तो एक गरीब मल्लाह मछुआरा का बेटा मंत्री नहीं बनता। आप और हम सब मिलकर अपने वोट की रक्षा करेंगे और मजबूती से वोट चोर को दिल्ली से खदेरने का काम करेंगे।

    वर्तमान केंद्र की सरकार लोगों की हकमारी में लगा हुआ है। मोदी सरकार एसआईआर लाकर लोगों से यह हक छीनने की कोशिश कर रही है।

    बिहार पर एसआईआर का हमला कर दिया गया: दीपांकर

    भाकपा माले नेता दीपाकंर भट्टाचार्य ने कहा आज पूरे देश में वोटों की चोरी हो रही। बिहार पर एसआईआर का हमला कर दिया गया। हमारे मोदी जी कहते हैं बिहार में बांग्लादेशी घुस गए हैं। इनके नाम पर बिहार के मतदाताओं को बाहर किया जा रहा है। 61 लाख लोगों को मतदाता सूची से बाहर किया गया।

    इनमें एक भी बांग्लादेशी नहीं है। बिहार के जिंदा लोगों को मूर्दा घोषित कर दिया गया। गुजरात के नेता आते हैं और पटना में बिहार के मतदाता बन जाते हैं। लेकिन 35 लाख लोगों को प्रवासी कह कर बिहार के मतदाता सूची से बाहर कर दिया गया। चुनाव में वोटों की चोरी जारी है। हम अपील करने आए हैं, इस चोरी को रोकिए।

    चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है साफ सुथरी मतदाता सूची बने, आयोग इस जिम्मेदारी से भाग गया है। इस बार बिहार का चुनाव बदलाव का चुनाव है। नीतीश जी को 20 साल से देख रहे हैं। वे बस मुखौटा बनकर रह गए हैं। उनके पीछे मोदी और योगी जी है। जो पूरे राज्य में बुलडोजर राज्य स्थापित करना चाहते हैं।

    जब तक राहुल गांधी हैं, देश संविधान सुरक्षित है: पप्पू यादव

    सभा में पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने तेजस्वी यादव को जननायक से संबोधित करते हुए कहा जब तक इस देश में राहुल गांधी हैं, तब तक इंसानियत के दुश्मन को मरना होगा।   जब तक राहुल गांधी हैं, तब यह देश, संविधान,लोकतंत्र सुरक्षित है। जब तक राहुल गांधी हैं, आपकी तरफ कोई आंख उठा कर नहीं देख सकता। राहुल गांधी किसी से नहीं डरता।

    उन्होंने राहुल गांधी को गरीबों के हक के लिए लड़ने वाला नेता बताया। कहा भारत के हर वर्ग के लोगों को राहुल गांधी का साथ देने की जरूरत है तब जाकर देश से तानाशाही की सरकार खत्म होगी।