विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल सीमा पर तस्करी का बड़ा खेल बेनकाब, अररिया में एसएसबी ने 3900 किलो मसाले और प्लास्टिक सामान पकड़ा

Published: Thu, 22 Oct 2026 07:46 AM (IST)

एसएसबी ने अररिया के फुलकाहा में भारत-नेपाल सीमा पर एक मिनी ट्रक से 3900 किलोग्राम हल्दी, धनिया पाउडर और पॉलीथिन बैग जब्त किए हैं।

अररिया के फुलकाहा सीमा क्षेत्र में जब्त सामान और ट्रक के साथ एसएसबी के जवान

अररिया के फुलकाहा सीमा क्षेत्र में जब्त सामान और ट्रक के साथ एसएसबी के जवान 

HighLights

  1. एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी रोकी।

  2. 3900 किलो हल्दी, धनिया, पॉलीथिन बैग जब्त।

  3. पश्चिम बंगाल के दो तस्कर हिरासत में लिए गए।

संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। नरपतगंज प्रखंड के भारत-नेपाल सीमा से सटे फुलकाहा थाना क्षेत्र में एसएसबी की 56वीं वाहिनी, बथनाहा के जवानों ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

विशेष गश्ती के दौरान जवानों ने एक मिनी ट्रक पर लदी भारी मात्रा में हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, पॉलीथिन कैरी बैग और प्लास्टिक की टेबल जब्त की है। इस दौरान वाहन चालक समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया गया।

जब्त की गई सभी सामग्रियों और वाहन को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए फारबिसगंज कस्टम कार्यालय को सौंप दिया गया है। यह पूरी कार्रवाई फुलकाहा एसएसबी बीओपी प्रभारी जवाहरलाल बोरो के नेतृत्व में की गई है।

एसएसबी से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सोमवार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर फुलकाहा सीमा चौकी के जवानों ने विशेष गश्ती अभियान चलाया था।

भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 189/03 से करीब डेढ़ किलोमीटर भारतीय क्षेत्र में अंचरा गांव के समीप एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी गहन तलाशी ली गई। वाहन के पीछे डाले में भारी संख्या में बोरियां लदी हुई थीं।

जवानों ने वाहन चालक और उसके साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति से सामान से संबंधित वैध कागजात मांगे, लेकिन दोनों कोई भी संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

भारी मात्रा में मसाले और पॉलीथिन बैग बरामद

जांच के दौरान ट्रक से जो सामान बरामद हुआ, उनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:

  • 48 बोरी हल्दी पाउडर (प्रत्येक 50-50 किलोग्राम, कुल वजन 2400 किलोग्राम)

  • 9 बोरी धनिया पाउडर (प्रत्येक 50-50 किलोग्राम, कुल वजन 450 किलोग्राम)

  • 35 बोरी पॉलीथिन कैरी बैग (प्रत्येक 30-30 किलोग्राम, कुल वजन 1050 किलोग्राम)

  • 30 प्लास्टिक की टी-टेबल

हल्दी, धनिया और पॉलीथिन कैरी बैग का कुल वजन 3900 किलोग्राम है। सामान के परिवहन में इस्तेमाल किया जा रहा पश्चिम बंगाल के रजिस्ट्रेशन नंबर वाला ट्रक भी जब्त कर लिया गया है।

पश्चिम बंगाल के तस्कर गिरफ्तार, नेपाल भेजने की थी योजना

पूछताछ में यह बात सामने आई कि यह सारा सामान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से लोड किया गया था और इसे घुरना ले जाया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मोथाबारी थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगारामपुर गांव निवासी करीब 42 वर्षीय जाकिर शेख (पुत्र आइनूल शेख) तथा मुर्शिदाबाद जिले के फरक्का थाना क्षेत्र अंतर्गत लहरिया गांव निवासी करीब 22 वर्षीय सफीकुल शेख (पुत्र मोती शेख) के रूप में हुई है।

गिरफ्तार तस्करों के अनुसार, सामान को अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से लाया गया था। अंदेशा जताया जा रहा है कि इस माल को घुरना के रास्ते नेपाल में अवैध तस्करी के माध्यम से खपाने की योजना थी। जब्त सामान की कुल कीमत का आधिकारिक आकलन अभी किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- चचरी पुल-नाव के सहारे जिंदगी, 64 करोड़ का पुल अब तक अधूरा, अररिया के तीरा घाट पर कब शुरू होगा निर्माण

यह भी पढ़ें- अररिया में दरवाजे पर चढ़कर बदमाशों ने की गोलीबारी, मासूम के पेट को चीरते हुए मां के पैर में लगी गोली