विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अररिया में दरवाजे पर चढ़कर बदमाशों ने की गोलीबारी, मासूम के पेट को चीरते हुए मां के पैर में लगी गोली

Published: Tue, 20 Oct 2026 12:56 PM (IST)

अररिया के जोकीहाट में भूमि विवाद के चलते बदमाशों ने एक महिला और उसके तीन साल के बेटे को गोली ...और पढ़ें

घायल बच्चे के साथ स्वजन

घायल बच्चे के साथ स्वजन

HighLights

  1. जोकीहाट में माँ और बेटे को गोली लगी।

  2. तीन वर्षीय बच्चे के पेट में लगी गोली।

  3. भूमि विवाद के कारण हुई यह घटना।

संवाद सूत्र,जोकीहाट (अररिया)। जोकीहाट थाना क्षेत्र के हरदार पंचायत अंतर्गत नौआ ननकार गांव में सोमवार शाम गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने रजाबुल के दरवाजे पर गोलीबारी कर एक महिला और उसके महज तीन वर्षीय मासूम बेटे को घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई।

घायलों की पहचान खुशनब खातून, पति जुम्मन, तथा उनके तीन वर्षीय पुत्र अब्दुल कादिर के रूप में हुई है। दोनों को आनन-फानन में जोकीहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालांकि, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोली तीन वर्षीय अब्दुल कादिर के पेट में लगी, जबकि गोली उसके शरीर को भेदते हुए पीठ से निकलकर मां खुशनब खातून के घुटने में जा लगी। घटना में मां-बेटे के घायल होने से परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही जोकीहाट पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

भूमि विवाद को लेकर पहले से ही विवाद 

बारा पंचायत के पूर्व मुखिया फारूक आलम ने बताया कि खुशनब खातून की शादी बारा पंचायत में हुई है और वह घटना वाले दिन ही अपने मायके आई थी।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, भूमि विवाद को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि इससे पहले खुशनब पर हमला कर उनका सिर फोड़ दिया गया था। अब गोलीबारी की घटना को भी लोग उसी विवाद से जोड़कर देख रहे हैं।

यह भी पढ़ें- अररिया के भरगामा में कचरा भवन के पीछे मिला युवक का शव, कल शाम से था लापता