अररिया में भीषण सड़क हादसा: पुल से नीचे गिरी स्कॉर्पियो, सुपौल के 6 लोगों की मौत
बिहार के अररिया में बीड़ी पुल के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरे पानी में गिर गई, जिससे ...और पढ़ें

अररिया में पुल से नीचे गिरी स्कॉर्पियो। (स्क्रीनग्रैब)
HighLights
अररिया में स्कॉर्पियो पुल से गिरकर गहरे पानी में समाई।
हादसे में सुपौल के छह लोगों की दुखद मौत हुई।
तेज रफ्तार और तीखा मोड़ दुर्घटना का मुख्य कारण।
संवाद सूत्र, ताराबाड़ी (अररिया)। बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। बैरगाछी-सिकटी मुख्य मार्ग पर बीड़ी पुल के समीप एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गहरे पानी में जा गिरी।
इस दर्दनाक दुर्घटना में वाहन सवार छह लोगों की डूबने व चोट लगने से मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घायल का इलाज अररिया सदर अस्पताल में चल रहा है। इस हृदय विदारक घटना के बाद मृतकों के गांव सुपौल में कोहराम मच गया है।
तिलक समारोह से लौट रहे थे सभी लोग, रास्ते में तीखे मोड़ पर हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुए सभी लोग सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड अंतर्गत थुमहा गांव के रहने वाले थे।
वे बुधवार को सिकटी प्रखंड की ढेडुआ पंचायत अंतर्गत भपटिया गांव में एक तिलक समारोह में शामिल होने आए थे। देर रात समारोह संपन्न होने के बाद वे सभी स्कॉर्पियो से वापस सुपौल के पिपरा लौट रहे थे।
इसी दौरान, जैसे ही उनका वाहन ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बैरगाछी-सिकटी मुख्य मार्ग स्थित बीड़ी पुल के पास पहुंचा, वहां मौजूद एक तीखे मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया।
गति अधिक होने के कारण स्कॉर्पियो तीखे मोड़ को पार नहीं कर सकी और सीधे पुल से नीचे गहरे पानी में जा गिरी।
रात के अंधेरे में चीख-पुकार, रेस्क्यू कर बाहर निकाली गईं लाशें
हादसे के बाद रात के सन्नाटे में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर दौड़े।
सूचना मिलते ही ताराबाड़ी थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम भी राहत-बचाव के साजो-सामान के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो को पानी से बाहर निकाला गया और उसमें फंसे लोगों को अररिया सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को बचा लिया गया, जिसका उपचार जारी है।
थुमहा गांव में मातम, पुलिस जांच में जुटी
इस भीषण दुर्घटना की खबर जैसे ही सुपौल के थुमहा गांव पहुंची, वहां शादी-ब्याह की खुशियां पलभर में मातम में तब्दील हो गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने सभी छह शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ताराबाड़ी थाना पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रथम दृष्टया घटना का मुख्य कारण तीखा मोड़ और वाहन की तेज रफ्तार होना माना जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे अररिया और सुपौल क्षेत्र के लोग गहरे सदमे में हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।