विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल भेजी जा रही 75 बोरी यूरिया जब्त, अररिया में एसएसबी-कृषि विभाग की कार्रवाई, पिकअप छोड़ फरार हुए तस्कर

Published: Thu, 22 Oct 2026 07:54 AM (IST)

अररिया में भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी और कृषि विभाग ने संयुक्त कार्रवाई में तस्करी के लिए ले जाई जा रही ...और पढ़ें

अररिया के घुरना सीमा क्षेत्र में जब्त यूरिया खाद और पिकअप वाहन के साथ एसएसबी व कृषि विभाग के अधिकारी

अररिया के घुरना सीमा क्षेत्र में जब्त यूरिया खाद और पिकअप वाहन के साथ एसएसबी व कृषि विभाग के अधिकारी

HighLights

  1. भारत-नेपाल सीमा पर 75 बोरी यूरिया खाद जब्त।

  2. एसएसबी और कृषि विभाग की संयुक्त कार्रवाई।

  3. तस्कर पिकअप वाहन छोड़कर अंधेरे में फरार।

संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। नरपतगंज प्रखंड के भारत-नेपाल सीमावर्ती घुरना थाना क्षेत्र में एसएसबी और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार की रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी के लिए ले जाई जा रही 75 बोरी यूरिया खाद जब्त की है। जब्त की गई यूरिया का कुल वजन 3375 किलोग्राम यानी 33.75 क्विंटल बताया गया है।

इस कार्रवाई के दौरान खाद लदा टाटा पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया गया है, हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से तस्कर या वाहन चालक भागने में सफल रहे, जिससे किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जब्त खाद को आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए कृषि विभाग, नरपतगंज को सुपुर्द कर दिया गया है।

एसएसबी की 56वीं वाहिनी, बथनाहा के अंतर्गत एच समवाय घुरना के कैंप कमांडर रघुनाथ के नेतृत्व में जवानों ने सोमवार की रात करीब नौ बजे कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त विशेष गश्ती अभियान चलाया था।

इस दौरान भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 191/1 से करीब आठ सौ मीटर भारतीय क्षेत्र में घुरना गांव के समीप एक टाटा पिकअप गाड़ी संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिली।

टीम ने जब गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें 45-45 किलोग्राम की 75 बोरी आईपीएल (IPL) कंपनी की यूरिया खाद लदी हुई मिली। खाद के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या कागजात नहीं मिलने की स्थिति में टीम ने खाद सहित पिकअप वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।

कृषि विभाग और एसएसबी के अधिकारी रहे शामिल

इस संयुक्त कार्रवाई में कृषि विभाग की ओर से समन्वयक सह उर्वरक निरीक्षक अनुज कुमार निराला और प्रदीप कुमार शामिल थे। वहीं, एसएसबी की ओर से उपनिरीक्षक रघुनाथ, सहायक उपनिरीक्षक श्यामल सिंघा सहित अन्य सशस्त्र जवान मौजूद रहे।

नेपाल भेजने की थी योजना, तस्करों की तलाश जारी

एसएसबी की जब्ती रिपोर्ट के अनुसार, मौके से किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि खाद कहां से लाई गई थी और इसे किस तस्कर के जरिए कहां पहुंचाया जाना था।

हालांकि, सीमावर्ती क्षेत्र में चर्चा है कि यूरिया बाहर से मंगाकर घुरना के किसी स्थानीय खाद दुकानदार द्वारा तस्करी के माध्यम से नेपाल भेजी जा रही थी, जहाँ इसे ऊंचे दामों में खपाया जाता है।

प्रखंड कृषि पदाधिकारी सोनू कुमार ने बताया कि कृषि समन्वयक के लिखित आवेदन पर स्थानीय थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस और कृषि विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि घुरना में यह खाद किस दुकानदार की थी और इसे कहाँ ले जाया जा रहा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि संलिप्तता पाए जाने वाले लाइसेंसधारी या अवैध कारोबारियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- नेपाल सीमा पर तस्करी का बड़ा खेल बेनकाब, अररिया में एसएसबी ने 3900 किलो मसाले और प्लास्टिक सामान पकड़ा

यह भी पढ़ें- अररिया में सीओ-राजस्व कर्मियों की हड़ताल से अंचल दफ्तर ठप, दाखिल-खारिज और परिमार्जन पर ब्रेक

"सीमावर्ती घुरना क्षेत्र में विशेष गश्ती के दौरान एसएसबी और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने एक पिकअप वाहन से 75 बोरी अवैध यूरिया खाद जब्त की है। वाहन चालक फरार हो गया है। कृषि समन्वयक के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"

-

— सोनू कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, नरपतगंज (अररिया)