यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 07, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Araria Crime News : अररिया में 11 नेपाली नागरिक पकड़ाए, एक के पास मिला नकली आधार कार्ड
बिहार में भारत-नेपाल की सीमा पर घुसपैठ का एक और मामला सामने आया है। एसएसबी ने कार्रवाई करते हुए यहां ...और पढ़ें

HighLights
- एसएसबी के जवानों ने नेपाली नागरिकों को पकड़कर सिकटी पुलिस को सौंपा
- पूछताछ में पता चला कि सभी को जम्मू के उधमपुर ले जाया जा रहा था
संसू, सिकटी (अररिया)। एसएसबी 52वीं वाहिनी ने सोमवार शाम को 11 नेपाली नागरिकों (Nepali Citizens) को पकड़कर सिकटी पुलिस को सौंपा है। इनमें दो नाबालिग हैं। एक के पास से भारत का नकली आधार कार्ड भी बरामद किया गया है। 10 नेपाली नागरिकों को नेपाल (Nepal) वापस भेज दिया गया है, जबकि एक को फर्जीवाड़े के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
एसएसबी (SSB) लैलोखर कंपनी को गुप्त सूचना मिली थी कि पहाड़ा चौक के रास्ते कुछ नेपाली युवक अवैध तरीके से अररिया (Araria News) की तरफ जा रहे हैं।
ऑटो में सवार थे सभी
लैलोखर कंपनी के असिस्टेंट कमांडेंट सी विवेक के नेतृत्व में 10 जवानों की टोली ने पहाड़ा से बरदाहा की तरफ जा रहे एक आटो को रोका। उसमें बैठे लोगों से पूछताछ की गई।
इनमें से एक व्यक्ति संदिग्ध लगा। तलाशी लेने पर उसके पास से भारत का आधार कार्ड (Aadhar Card) व नेपाल का नागरिकता प्रमाण-पत्र बरामद किया गया।
नेपाली नागरिकता (Nepali Citizens) प्रमाण-पत्र में उसका नाम कदम अली मिला। वह मोरंग जिले के डैनिया गांव निवासी फूल मोहम्मद मियां का बेटा है।
भारतीय आधार कार्ड में उसका नाम शाहिद आलम लिखा था। पिता का नाम जहीरउद्दीन व पता किशनगंज जिला के वार्ड संख्या छह स्थित धवेली में मिला।
उसने एसएसबी को बताया कि 2021 में उसने किशनगंज (Kishanganj News) के झाला चौक पर जहीरउद्दीन नामक एक व्यक्ति से 300 रुपये में नकली आधार कार्ड बनवाया था।
एसएसबी ने हिरासत में लिया
एसएसबी (SSB) ने आरोपित कदम अली उर्फ शाहिद आलम को हिरासत में लेकर सिकटी पुलिस को सौंप दिया। सिकटी पुलिस ने एसएसबी के अधिकारी सी विवेक द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर केस कर लिया है।
आटो से 10 अन्य नेपाली नागरिक भी पकड़े गए हैं, जिनमें से दो नाबालिग हैं। दोनों नाबालिग नेपाल के मोरंग जिले के अंतर्गत रंगेली धर्मशाला टोला स्थित वार्ड पांच व सात के रहने वाले हैं।
उधमपुर जा रहे थे नेपाली नागरिक
इन्हें मोरंग निवासी प्रकाश ऋषिदेव व राजेश ऋषिदेव अपने साथ जम्मू के उधमपुर (Udhampur) ले जा रहे थे। इन्होंने बताया कि ये रोजगार के लिए जम्मू जा रहे हैं।
एसएसबी ने इसकी जानकारी नेपाल एपीएफ सोराभाग के डीएसपी रंजन बस्नेत को भी दी है। नेपाल एपीएफ तथा नेपाली पुलिस ने जांच के बाद बताया कि पकड़े गए सभी लोग नेपाली मूल के हैं।
इसके बाद 10 नेपाली नागरिकों को नेपाल एपीएफ को सौंप दिया गया। एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट सी विवेक ने बताया कि नेपाली सुरक्षा बलों के साथ मिलकर एसएसबी अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए बेहतर काम कर रही है।
सिकटी थानाध्यक्ष हरेश तिवारी ने बताया कि फर्जी आधार कार्ड के साथ पकड़े गए आरोपित पर केस कर मामले की पड़ताल की जा रही है।
