महिंद्रा का बड़ा ऐलान, E20 फ्यूल इस्तेमाल करने पर भी मिलेगी पूरी वारंटी
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने स्पष्ट किया है कि E20 फ्यूल (20% इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल) का उपयोग करने पर भी वाहनों की वारंटी मान्य रहेगी। कंपनी ने कहा कि 1 अप्रैल 2025 से पहले के मॉडलों में थोड़ा अंतर दिख सकता है लेकिन 2025 के बाद के वाहन बिना किसी फर्क के चलेंगे। महिंद्रा ने बायोफ्यूल को अपनाने में सरकार के साथ खड़े रहने की बात कही है।

ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। महिंद्रा एंड महिंद्रा ने अपने ग्राहकों के लिए एक अहम घोषणा की है। कंपनी ने साफ कर दिया है कि E20 फ्यूल (20% इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल) इस्तेमाल करने पर भी वाहनों की वारंटी पूरी तरह से मान्य रहेगी। हाल ही में कुछ रिपोर्ट्स सामने आई थीं जिनमें E20 फ्यूल से इंजन पर असर और वारंटी को लेकर सवाल उठाए गए थे। अब महिंद्रा का यह कदम ग्राहकों की सभी शंकाओं को दूर करता है।
क्या है मामला?
- ग्राहकों में यह चिंता थी कि E20 फ्यूल के इस्तेमाल से उनके वाहनों का प्रदर्शन और विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है और शायद वारंटी भी खत्म हो जाए। महिंद्रा ने इस पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उनकी सभी गाड़ियां E20 फ्यूल पर सुरक्षित रूप से चलाई जा सकती हैं।
- हालांकि, कंपनी ने यह भी बताया कि 1 अप्रैल 2025 से पहले बने मॉडल्स में हल्का अंतर एक्सेलरेशन और फ्यूल एफिशिएंसी में देखने को मिल सकता है। यह पूरी तरह ड्राइविंग स्टाइल पर निर्भर करेगा और गाड़ी की सुरक्षा पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।
ये मॉडल्स होंगे E20 के लिए ऑप्टिमाइज़्ड
महिंद्रा ने कहा कि 1 अप्रैल 2025 के बाद बने सभी वाहन E20 फ्यूल पर परफॉर्मेंस और माइलेज में बिना किसी फर्क के चलेंगे। इन वाहनों को खासतौर पर इस फ्यूल के लिए कैलिब्रेट किया गया है। कंपनी ने जोर देते हुए कहा कि वह एक जिम्मेदार निर्माता (OEM) के तौर पर अपने सभी ग्राहकों को वारंटी का पूरा लाभ देती रहेगी।
सरकार की पहल और महिंद्रा का समर्थन
भारत सरकार स्वच्छ ऊर्जा रोडमैप के तहत इथेनॉल ब्लेंडेड फ्यूल को बढ़ावा दे रही है। पूरे देश में E20 पेट्रोल की उपलब्धता बढ़ाई जा रही है। महिंद्रा ने कहा कि वह हमेशा से बायोफ्यूल और वैकल्पिक ईंधन को अपनाने में सरकार के साथ खड़ी रही है और आने वाले समय में भी टिकाऊ परिवहन समाधान देने के लिए काम करती रहेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।