चेन्नई प्लांट में BMW Group ने शुरू किया काम
कोरोनावायरस के चलते हुए लॉकडाउन में राहत मिलने के बाद BMW Group India ने चेन्नई प्लांट में काम शुरू किया। (फोटो साभार BMW Group)
नई दिल्ली, ऑटो डेस्क। देश में कोरोनावायरस को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन घोषित किया गया था, जिसके चलते देश में सभी कारोबारों को बंद कर दिया गया और लोगों को घरों में रहने की सलाव दी गई। सरकार ने देश की अर्थव्यस्था को देखते हुए लॉकडाउन में कुछ छूट देते हुए कंपनियों को फिर से काम चालू करने की मंजूरी दी है। इसी बीच देश की लग्जरी कार निर्माता कंपनी BMW Group भारत में अपने चेन्नई स्थित प्लांट में फिर से काम शुरू करने जा रही है। सरकार द्वारा लॉकडाउन में छूट मिलने के बाद Maruti Suzuki, Hyundai, Honda, Bajaj और Mercedes-Benz ने अपने प्लांट में काम फिर से शुरू कर दिया है। अब लिस्ट में नया नाम BMW Group का जुड़ा है।
देश की सरकार और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइंस का पालन करते हुए BMW Group India आज से काम शुरू कर रही है। प्लांट में लोकल प्रोडक्शन सामान्य वर्कफोर्स के 50 फीसद से कम के साथ शुरू किया जाएगा। इस दौरान बाकि कर्मचारी घर से काम को चालू रखेंगे। इस दौरान प्लांट अपना ऑपरेशन सिंगल शिफ्ट के साथ फिर से शुरू करेगा। देश में इस जानलेवा महामारी की स्थिति को देखते हुए और सरकारी गाइडलाइंस के आधार पर कर्मचारियों को लगाया जाएगा।
चेन्नई के BMW प्लांट ने एक सेफ वर्किंग माहौल बनाने के लिए कई जरूरी कदमों को उठाया है। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन, सभी कर्मचारियों के लिए पर्सनल सेफ्टी गियर, डेली हेल्थ चेकअप, अलग-अलग लंच करने की व्यवस्था, प्री-पेक्ड मील और सैनिटाइजेशन की उच्चतम व्यवस्था की जाएगी ताकि वर्कप्लेस को साफ रखा जा सके। भारत में BMW, MINI और BMW Motorrad डीलरशिप को जरूरी सेफ्टी और सफाई के नियमों का पालन करते हए स्थानीय प्रशासन की गाइडलाइंस को फॉलो करते हुए फिर से खोला जाएगा ताकि कर्मचारियों और ग्राहकों दोनों की हेल्थ का पूरी तरह से ख्याल रखा जा सके।