विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाइक का सेल्फ स्टार्ट हो गया खराब? बिना किक मारे ऐसे कर सकते हैं स्टार्ट

Published: Wed, 11 Nov 2026 09:30 AM (IST)

सेल्फ स्टार्ट खराब होने पर पुश स्टार्ट, जंप स्टार्ट या सेंटर स्टैंड तरीका आजमा सकते हैं।

सेल्फ स्टार्ट खराब होने पर बिना किक के बाइक कैसे करें स्टार्ट

सेल्फ स्टार्ट खराब होने पर बिना किक के बाइक कैसे करें स्टार्ट

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। आजकल की कई मॉडर्न बाइक्स में किक-स्टार्टर नहीं दिया जाता है। ऐसे में अगर अचानक बाइक का सेल्फ स्टार्ट काम करना बंद कर दे, तो राइडर के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है। खासकर तब, जब आप ऑफिस जाने के लिए देर कर रहे हों या रास्ते में कहीं बाइक बंद हो गई हो। ऐसी स्थिति में कई लोग समझ नहीं पाते कि अब बाइक को दोबारा कैसे स्टार्ट किया जाए। हालांकि, सेल्फ स्टार्ट खराब होने का मतलब यह नहीं है कि आपकी बाइक सड़क पर ही खड़ी रह जाएगी। हम यहां पर आपको कुछ आसान तरीकों के बारे में बता रहे हैं, जिसकी मदद से आप बिना किक मारे भी बाइक को स्टार्ट कर सकते हैं।

सेल्फ स्टार्ट काम क्यों नहीं कर रहा?

बाइक का सेल्फ स्टार्ट काम नहीं करने की सबसे आम वजह कमजोर या पूरी तरह डिस्चार्ज बैटरी हो सकती है। बाइक के स्टार्टर मोटर को इंजन क्रैंक करने के लिए बैटरी से बिजली की जरूरत होती है। अगर बैटरी से सही मात्रा में पावर नहीं मिलती है, तो सेल्फ स्टार्ट मोटर इंजन को घुमा नहीं पाएगी और बाइक स्टार्ट नहीं होगी। हालांकि, हर बार इसकी वजह बैटरी ही नहीं होती। कई बार छोटी-सी गलती के कारण भी सेल्फ स्टार्ट काम करना बंद कर देता है। इसलिए घबराने से पहले कुछ चीजों को जरूर चेक करें।

1. बाइक स्टार्ट करने से पहले ये चीजें करें चेक

सेल्फ स्टार्ट बटन दबाने के बावजूद बाइक स्टार्ट नहीं हो रही है, तो सबसे पहले यह देखें कि इंजन किल स्विच रन (RUN) पोजीशन में है या नहीं। इसके बाद बाइक को न्यूट्रल गियर में रखें और क्लच लीवर को पूरी तरह दबाकर स्टार्ट करने की कोशिश करें। इसके अलावा बाइक की लाइट, हॉर्न और इंस्ट्रूमेंट कंसोल भी चेक करें। अगर ये सभी ठीक से काम कर रहे हैं, लेकिन बाइक स्टार्ट नहीं हो रही है, तो इसकी वजह कुछ और हो सकती है। वहीं, अगर लाइट कमजोर है, हॉर्न की आवाज धीमी है या कंसोल बार-बार बंद हो रहा है, तो बैटरी की स्थिति पर ध्यान देने की जरूरत है।

2. बंप स्टार्ट की करें कोशिश

  • मैनुअल गियर वाली बाइक का सेल्फ स्टार्ट खराब होने पर पुश स्टार्ट एक उपयोगी तरीका हो सकता है। इस प्रोसेस में इलेक्ट्रिक स्टार्टर की जगह बाइक के पिछले पहिये की गति से इंजन को घुमाया जाता है। इसे बंप स्टार्ट भी कहा जाता है।
  • इसके लिए सबसे पहले बाइक का इग्निशन ऑन करें और दूसरे गियर में डालें। अब क्लच लीवर दबाकर बाइक को धक्का देते हुए आगे बढ़ाएं। बाइक की रफ्तार लगभग 8-10 किलोमीटर प्रति घंटा होने पर क्लच को तेजी से छोड़ें और हल्का एक्सीलेटर दें। अगर इंजन चालू हो जाता है, तो तुरंत क्लच दोबारा दबा लें, ताकि बाइक बंद न हो जाए।
  • इस तरीके में पहले गियर की जगह दूसरे गियर का इस्तेमाल करना बेहतर बताया गया है, क्योंकि पहले गियर में ज्यादा रेजिस्टेंस महसूस हो सकता है। ध्यान रखें कि यह तरीका मैनुअल गियर वाली बाइक के लिए है और इसे सावधानी से ही आजमाना चाहिए।

3. जंप स्टार्ट से दोबारा चालू करें बाइक

  • पुरानी कार्बोरेटर वाली बाइक्स और कुछ ऐसी मोटरसाइकिलों में पुश स्टार्ट काम कर सकता है, जिनकी बैटरी थोड़ी कमजोर है। लेकिन मॉडर्न फ्यूल इंजेक्शन (FI) वाली बाइक्स में यह तरीका हमेशा काम नहीं करता।
  • दरअसल, फ्यूल इंजेक्शन सिस्टम में फ्यूल पंप और ECU जैसे इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स होते हैं, जिन्हें काम करने के लिए बैटरी से सही मात्रा में बिजली चाहिए होती है। अगर बैटरी पूरी तरह डिस्चार्ज है और इंस्ट्रूमेंट कंसोल, लाइट या फ्यूल पंप बिल्कुल काम नहीं कर रहे हैं, तो पुश स्टार्ट से भी बाइक चालू नहीं हो पाएगी। ऐसी स्थिति में जंप स्टार्ट करना ज्यादा उपयोगी ऑप्शन हो सकता है।
  • अगर बाइक की बैटरी पूरी तरह डिस्चार्ज हो गई है, तो पोर्टेबल जंप स्टार्टर या दूसरी 12V बैटरी की मदद ली जा सकती है। जंप स्टार्ट के लिए पोर्टेबल पावर बैंक जैसे डिवाइस का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।
  • अगर आप कार की बैटरी से बाइक को जंप स्टार्ट कर रहे हैं, तो कार का इंजन बंद रखें। कार का इंजन चालू रहने पर बाइक के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम को नुकसान पहुंचने का खतरा हो सकता है। इसलिए इस प्रक्रिया में सावधानी बरतना जरूरी है।

4. सेंटर स्टैंड का तरीका अपनाएं

  • अगर आप अकेले हैं और बाइक को धक्का देकर पुश स्टार्ट नहीं कर सकते, तो एक दूसरा तरीका भी अपना सकते हैं। इसके लिए बाइक को सेंटर स्टैंड पर खड़ा करें और चौथे या पांचवें गियर में डालें। इसके बाद इग्निशन ऑन करके पिछले पहिये को तेजी से आगे की ओर घुमाने की कोशिश करें।
  • इस तरीके में पिछले पहिये की स्पीड से इंजन को घुमाने की कोशिश करें। हालांकि, इसमें काफी मेहनत लग सकती है और इसे बहुत सावधानी से करना चाहिए। इसे केवल आपात स्थिति में ही आजमाएं।

5. स्कूटर और ऑटोमैटिक बाइक में क्या करें?

गियरलेस स्कूटर और ऑटोमैटिक मोटरसाइकिलों में पुश स्टार्ट का तरीका काम नहीं करता। इन वाहनों का ट्रांसमिशन इंजन चालू होने के बाद ही काम करता है। इसलिए ऐसी स्थिति में जंप स्टार्ट, बैटरी बदलवाना या रोडसाइड असिस्टेंस लेना ही ऑप्शन रह जाता है।

बाइक की बैटरी के इन संकेतों न करें नजरअंदाज

बाइक की बैटरी अचानक खराब नहीं होती, बल्कि कई बार इससे पहले कुछ संकेत मिलने लगते हैं। जैसे सेल्फ स्टार्ट के दौरान इंजन का धीमी गति से क्रैंक होना, बाइक की हेडलाइट का कम रोशनी देना, हॉर्न की आवाज कमजोर होना और इंस्ट्रूमेंट कंसोल का झिलमिलाना। इन संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। आमतौर पर बाइक की बैटरी की लाइफ 3 से 4 साल तक हो सकती है। अगर बैटरी पुरानी हो चुकी है और बार-बार स्टार्टिंग की परेशानी आ रही है, तो समय रहते इसे बदलवाना बेहतर है। इसके अलावा लंबे समय तक बाइक का इस्तेमाल नहीं करने पर भी बैटरी डिस्चार्ज होने की आशंका बढ़ सकती है।

यह भी पढ़ें- गलती से पेट्रोल कार में डीजल या डीजल कार में पेट्रोल भर जाए तो क्या करें? कितनी दूर चलेगी गाड़ी और कितना होगा नुकसान?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।