Numerology: हमेशा हीन भावना से घिरे रहते हैं इन मूलांक के लोग, किसी से भी बात करने में करते हैं संकोच
क्या आप भी बात करने में संकोच करते हैं? अंक ज्योतिष के अनुसार मूलांक 2, 4 और 7 वाले लोग ...और पढ़ें

मूलांक 2, 4 और 7 वाले लोगों का स्वभाव होता भावुक और अंतर्मुखी । (Picture Credit- AI Generated)
HighLights
मूलांक 2 वाले लोग होते हैं भावुक और अपनी बात कहने में झिझकते।
मूलांक 4 वाले अधिक सोचते हैं, दूसरों की राय को महत्व देते हैं।
मूलांक 7 वाले एकांत पसंद करते हैं, भावनाएं व्यक्त नहीं कर पाते।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। अंक शास्त्र में कुछ मूलांक ऐसे भी माने जाते हैं, जिनसे जुड़े लोग स्वभाव से भावुक, शांत और अंतर्मुखी होते हैं। कई बार ये लोग दूसरों के सामने अपनी बात रखने में झिझकते हैं। कई बार तो इन्हें खुद पर भरोसा करने में भी परेशानी होती है। अंक ज्योतिष के अनुसार, मूलांक 2, 4 और 7 वाले लोगों में ऐसी प्रवृत्तियां देखने को मिल सकती हैं। आइए जानते हैं इन तीन मूलांक वाले लोगों के स्वभाव के बारे में।
मूलांक 2 वाले लोग
जिन लोगों का जन्म किसी भी महीने की 2, 11, 20 या 29 तारीख को होता है, उनका मूलांक 2 माना जाता है। अंक ज्योतिष में इस मूलांक का संबंध चंद्रमा से होता है। मूलांक 2 वाले लोग काफी भावुक और संवेदनशील होते हैं। ये दूसरों की बातों और व्यवहार को जल्दी महसूस करते हैं। अगर कोई इनकी बात को नजरअंदाज कर दे या इनकी भावनाओं को न समझे, तो ये मन ही मन परेशान हो सकते हैं।
कई बार ये लोग अपनी बात कहने से पहले कई बार सोचते हैं। इन्हें डर रहता है कि कहीं सामने वाला उनकी बात का गलत मतलब न निकाल ले। इसी वजह से ये अपनी भावनाएं खुलकर जाहिर नहीं कर पाते। हालांकि, सही माहौल और भरोसेमंद लोगों का साथ मिलने पर ये आसानी से खुल सकते हैं।
मूलांक 4 वाले लोग
जिन लोगों का जन्म किसी भी महीने की 4, 13, 22 या 31 तारीख को होता है, उनका मूलांक 4 होता है। अंक ज्योतिष में इस मूलांक का संबंध राहु से बताया गया है। मूलांक 4 वाले लोगों को अंक ज्योतिष में अलग सोच रखने वाला और अपने तरीके से काम करने वाला माना जाता है। ये किसी भी बात को आसानी से स्वीकार करने के बजाय उसके पीछे का कारण जानना चाहते हैं। कई बार यही आदत इन्हें जरूरत से ज्यादा सोचने पर मजबूर कर सकती है।
कई बार ये लोग दूसरों की राय को जरूरत से ज्यादा महत्व देने लगते हैं। इन्हें लगता है कि लोग इनकी सोच को समझ नहीं रहे हैं या इनकी बातों को पसंद नहीं करेंगे। इस कारण ये नए लोगों से मिलने या किसी समूह में अपनी राय रखने से बचते हैं।
मूलांक 7 वाले लोग
जिन लोगों का जन्म किसी भी महीने की 7, 16 या 25 तारीख को होता है, उनका मूलांक 7 होता है। अंक ज्योतिष में इस मूलांक का संबंध केतु से बताया गया है। अंक ज्योतिष के अनुसार, मूलांक 7 वाले लोग गहराई से सोचने वाले और एकांत पसंद करने वाले होते हैं। इन्हें हर किसी के साथ तुरंत घुलना-मिलना पसंद नहीं होता। ये किसी पर भरोसा करने से पहले उसे समझने की कोशिश करते हैं।
ऐसे लोग कई बार अपनी भावनाएं दूसरों के सामने जाहिर नहीं कर पाते। इनके मन में बहुत कुछ चल रहा होता है, लेकिन ये उसे शब्दों में व्यक्त करने से बचते हैं। इसी वजह से दूसरे लोग इन्हें शर्मीला या कम आत्मविश्वास वाला समझते हैं।
यह भी पढ़ें- मुस्कुराकर बात टालते हैं पर भूलते कभी नहीं! इन मूलांक वालों से पंगा लेना पड़ेगा भारी
यह भी पढ़ें- करोड़पति बिजनेसमैन या बड़ी सरकारी नौकरी? बच्चे के मूलांक में छिपा है उसके भविष्य का राज
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया अंधविश्वास के खिलाफ है।
