UP Crime News: किशोरी का अपहरण कर तालाब किनारे फेंका, गांव के युवक पर दुष्कर्म का आरोप
यूपी के रायबरेली में एक किशोरी तालाब किनारे पड़ी मिली। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिवारजन ने किशोरी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों के मुताबिक किशोरी के हाथ-पांव और मुंह बंधा हुआ था। परिजन ने दूसरे गांव निवासी एक युवक पर बेटी का अपहरण कर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया और मामले की जांच कर रही है।
संवाद सूत्र, बछरावां। बछरावां के एक गांव निवासी किशोरी रविवार की सुबह दूसरे गांव स्थित तालाब के किनारे पड़ी मिली। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिवारजन ने किशोरी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। परिवारजन के मुताबिक, किशोरी के हाथ-पांव और मुंह बंधा हुआ था। परिजन ने दूसरे गांव निवासी एक युवक पर बेटी का अपहरण कर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
एक गांव निवासी व्यक्ति का कहना है कि उसकी बेटी रविवार की तड़के तीन बजे घर से गायब हो गई। जब घटना की जानकारी हुई तो परिवारजन ने किशोरी की खोजबीन शुरू की, लेकिन किशोरी का कहीं पता न चल सका। सुबह लगभग आठ बजे गांव के एक युवक ने उन्हें सूचना दी कि उनकी बेटी दूसरे गांव में तालाब के किनारे पड़ी हुई है।
बेहोश मिली किशोरी, बंधे थे हाथ-पैर
बताया कि जब वह घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि बेटी बेहोश थी। उसके हाथ-पैर बंधे और मुंह में कपड़ा भरा हुआ था। साथ ही किशोरी के कपड़े फटे व मांग में सिंदूर था। बताया कि लगभग 20 दिन पूर्व एक गांव निवासी युवक ने किशोरी को अपने साथ भाग ले जाने का प्रयास किया था। आरोप लगाया कि उसी युवक ने उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म कर उसे बेहोशी की हालत में तालाब किनारे फेंक दिया। परिवारजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां किशोरी का उपचार किया जा रहा है।
थानाध्यक्ष विजेंद्र शर्मा का कहना कि किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण कराकर तहरीर के आधार पर आरोपित के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा।