Himachal By Election: सर्वे में फंसा लाहौल-स्पीति से उम्मीदवारी का पेंच, किस नेता पर लगाए दांव; उलझन में कांग्रेस
Himachal By Election हिमाचल प्रदेश में लाहौल स्पीति विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस का टिकट अब सर्वे में उलझ गया है। जहां एक ओर भाजपा ने इस सीट से कांग्रेस पूर्व नेता रवि ठाकुर को मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस अब उनकी टक्कर का नेता इस सीट से ढूंढ रही है। इस सीट से डॉ. मार्कंडेय भी दावा ठोक रहे हैं।
हंसराज सैनी, मंडी। Himachal By Election: लाहौल स्पीति विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस का टिकट अब सर्वेक्षण में उलझ गया है। भाजपा प्रत्याशी रवि ठाकुर के समक्ष कांग्रेस का चेहरा कौन होगा, इंतजार की घड़ी समाप्त होने का नाम नहीं ले रही है। पार्टी कैडर से टिकट के दावेदारों पर शीर्ष नेतृत्व को विश्वास नहीं है।
कैडर वालों को बाहरी व्यक्ति स्वीकृत नहीं है। इस लड़ाई में भाजपा के विद्रोही डॉ. रामलाल मार्कंडेय मझधार में फंस गए हैं। कांग्रेस के विद्रोही रवि ठाकुर को भाजपा का टिकट मिलने के बाद डॉ. मार्कंडेय ने घोषणा की थी कि कांग्रेस का टिकट उनकी जेब में है।
नहीं मिला टिकट तो निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव
यदि टिकट नहीं मिला तो निर्दलीय मैदान में उतरेंगे। कई दिन के बाद भी उनका कांग्रेस में प्रवेश नहीं हुआ है। वह टिकट पर पसोपेश में हैं।
कांग्रेस का टिकट न मिलने पर वह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे या नहीं यह भी अब तय नहीं है। निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए पहले समर्थकों के साथ चर्चा करेंगे।
सीएम सुक्खू ने की थी सर्वेक्षण की बात
मुख्यमंत्री सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu) ने तीन दिन पहले केलंग में टिकट तय करने के लिए सर्वेक्षण करवाने की बात कही थी। प्रत्याशी बाहरी होगा या कैडर से, इस पर उन्होंने स्थिति स्पष्ट नहीं की थी।
पार्टी नेतृत्व ने पूर्व विधायक रघुवीर सिंह, जिला परिषद सदस्य कुंगा बौद्ध, जिला परिषद अध्यक्ष अनुराधा राणा व दोरजे लारजे को लेकर भी सर्वेक्षण करवाया है।
लाहौल वहीं टिकट तय होने में देरी से प्रचार प्रभावित होना तय है। रवि ठाकुर लाहौल घाटी का दौरा करने के बाद इन दिनों स्पीति में प्रचार कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Mandi News: 'शहजादे ने नहीं किया पत्नी का सम्मान और मां ने...', विक्रमादित्य और प्रतिभा सिंह पर जमकर बरसीं कंगना