यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 26, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अलग राज्य के समर्थन में दार्जिलिंग में निकला विशाल जुलूस
अलग राज्य के समर्थन में दार्जिलिंग रेलवे स्टेशन से विशाल जुलूस निकाला गया जुलूस प्रमुख मार्गो का भ्रमण करते हुए चौरास्ता पहुंच सभा में तब्दील हो गया।

सिलीगुड़ी, [जागरण संवाददाता] । पार्वत्य क्षेत्र में अलग राज्य के लिए पिछले एक माह से बेमियादी बंद आंदोलन जारी है। आंदोलन को गति प्रदान देने के लिए अब आमरण अनशन शुरू कर दिया गया है। मंगलवार को चौरास्ता पर आमरण अनशनकारियों से भेंट कर उन्हें खादा पहनाते हुए गोजमुमो नेता विनय तामांग ने कहा कि आंदोलन के पक्ष में केंद्र सरकार कार्य करेगी तथा केंद्र सरकार आंदोलनकारियों के संपर्क में है।
अलग राज्य के समर्थन में हिल्स में जगह-जगह जुलूस निकाले गए। चौरास्ता पर बुद्धिस्ट कम्युनिटी की ओर से गोरखालैंड राज्य की कामना से धार्मिक अनुष्ठान किया गया। मृत आंदोलनकारियों की आत्म शांति को 108 दीपक प्रज्ज्वलित कर श्रृद्धांजलि दी गई। हिल्स के विद्यार्थियों को 18 जून से बंद पड़े इंटरनेट के कारण तमाम असुविधा हो रही है पर इंटरनेट अभी बंद रहेगा। वर्ष 1986 में हुए आंदोलन के दौरान मृत आंदोलनकारी के पुत्र उज्ज्वल लिंबू को पुलिस में नौकरी मिल गई थी। उज्ज्वल लिंबू ने कहा कि अलग राज्य की खातिर उसके पिता ने जान न्योछावर कर दिए, वह भी अलग राज्य के लिए पुलिस की नौकरी त्यागकर आंदोलन में शरीक हो रहा है।
मंगलवार को अलग राज्य के समर्थन में दार्जिलिंग रेलवे स्टेशन से विशाल जुलूस निकाला गया जुलूस शहर के प्रमुख मार्गो का भ्रमण करते हुए चौरास्ता पहुंच सभा में तब्दील हो गया। जहां वक्ताओं ने राज्य सरकार की नीतियों की निंदा करते हुए केंद्र सरकार से जल्द से जल्द अलग राज्य देने की मांग की।
