यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 13, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दो भालुओं ने किशोरी पर किया हमला, ऐसे बचाई जान
उत्तरकाशी के बंगाण क्षेत्र में बीते रोज दो भालुओं ने एक किशोरी पर हमला कर दिया। किशोरी के शोर मचाने ...और पढ़ें

त्यूणी, [जेएनएन]: उत्तरकाशी के बंगाण क्षेत्र से लगे जनजातीय जौनसार बावर के हनोल इलाके में सक्रिय भालुओं ने ग्रामीणों की नाक में दम किया हुआ है। सोमवार को सटोरी बस्ती की एक किशोरी पर दो भालुओं ने तब हमला कर दिया, जब वह घर से कुछ दूर शौच के लिए गई थी। उसने जैसे-तैसे खुद को छुड़ाकर शोर मचाया। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने पर भालू झाड़ियों में गुम हो गए। घायल किशोरी का क्षेत्र के निजी क्लीनिक में उपचार कराया गया। इलाके में नौ दिन के भीतर भालुओं के हमले की यह दूसरी घटना है।
बंगाण और जौनसार-बावर के हनोल क्षेत्र के चार गांव भालुओं के खौफ से सहमे हुए हैं। दरअसल, दोनों इलाकों को टोंस नदी विभक्त करती है। नौ दिन पहले इसी नदी के रास्ते हनोल क्षेत्र में दो भालुओं ने दस्तक दी थी। इनके आबादी वाले क्षेत्रों के इर्द-गिर्द दिखाई पड़ने से दहशत गहरा गई है। इस बीच सोमवार सुबह हनोल से लगी सटोरी बस्ती निवासी 15 वर्षीय सुमन पर भालुओं ने हमला कर दिया।
पढ़ें:-साहसी महिला ने दस मिनट तक संघर्ष कर भालू को भगाया
किशोरी के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख भालू नजदीक ही झाड़ियों में दुबक गए। खौफजदा ग्रामीणों ने वन विभाग को घटना की सूचना देने के साथ ही भालुओं के आतंक से निजात दिलाने की मांग की। उधर, प्रभागीय वनाधिकारी चकराता दीपचंद आर्य ने बताया कि संबंधित रेंज अधिकारी को क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश दिए हैं।
पढ़ें: खेत पर काम कर रही महिला को भालू ने किया घायल
गौरतलब है कि नौ दिन पहले दो भालुओं ने बंगाण क्षेत्र निवासी गर्भवती महिला पूजा को उस वक्त घायल कर दिया था, जब वह शौच के लिए गई थी। सीएचसी त्यूणी में उपचार के बाद महिला की हालत में अब पहले से सुधार है। तब इस घटना के बाद चकराता वन प्रभाग की मोल्टा रेंज की टीम ने क्षेत्र में 12 घंटे सर्च ऑपरेशन चलाया और फिर भालुओं को जंगल की ओर खदेड़ने का दावा किया गया था।
पढ़ें:-आठ माह की गर्भवती महिला पर दो भालुओं ने किया हमला
