उत्तराखंड: प्रकाश पंत और सुबोध उनियाल बीजेपी की राष्ट्रीय परिषद में शामिल
उत्तराखंड से पूर्व काबीना मंत्री प्रकाश पंत व पूर्व विधायक सुबोध उनियाल को भाजपा की राष्ट्रीय परिषद में शामिल किया गया है।
देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: भारतीय जनता पार्टी की कोझिकोड, केरल में आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उत्तराखंड से पूर्व काबीना मंत्री प्रकाश पंत व पूर्व विधायक सुबोध उनियाल को राष्ट्रीय परिषद में शामिल किया गया है। भाजपा हाल ही में शामिल हुए कांग्रेस के बागियों को खास तरजीह दे रही है। इसे आगामी विधानसभा में पार्टी की आक्रामक रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
भाजपा राष्ट्रीय परिषद में उत्तराखंड से भागीदारी लगातार बढ़ रही है। परिषद में पहले से ही भाजपा प्रदेश कोर ग्रुप में शामिल पांचों सांसद, चार पूर्व मुख्यमंत्री, चार प्रदेश महामंत्री के अलावा त्रिवेंद्र सिंह रावत व धन सिंह रावत सदस्य के रूप में नामित हैं।
पढ़ें: प्रधानमंत्री के खिलाफ हर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएगी कांग्रेसः किशोर
कुछ समय पहले पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा और हरक सिंह रावत को भी राष्ट्रीय परिषद में जगह दी गई थी। अब इसमें दो और सदस्यों का इजाफा किया गया है। पूर्व स्पीकर व कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत के साथ ही नरेंद्र नगर क्षेत्र से पूर्व विधायक सुबोध उनियाल को भी परिषद में जगह दी गई है।