यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 05, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
किशोर से मारपीट, चौकी पर हंगामा
संवाद सहयोगी, देहरादून: एक सिख किशोर के साथ मारपीट होने पर सिख समुदाय के लोगों ने रविवार देर रात लक्

संवाद सहयोगी, देहरादून: एक सिख किशोर के साथ मारपीट होने पर सिख समुदाय के लोगों ने रविवार देर रात लक्खीबाग पुलिस चौकी पर जमकर हंगामा किया। पुलिस की ओर से कार्रवाई में देरी करने पर गुस्साए लोगों ने सहारनपुर रोड पर जाम लगा दिया। मामले की सूचना मिलते ही एसपी सिटी अजय सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस को अतिरिक्त फोर्स भी तैनात करनी पड़ी। देर रात दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामला शांत हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रेसकोर्स निवासी हरमीत दोस्तों शांतनु और गुरविंदर के साथ रविवार देर रात गुरुद्वारे से लौट रहा था। आरोप है कि तभी वहां से गुजर रहे दो युवकों सन्नी पासी पुत्र पप्पू पासी निवासी रेसकोर्स और बॉबी पुत्र नवाब निवासी मुस्लिम कॉलोनी ने उनके साथ मारपीट की। दोनों पक्षों में स्कूल का कोई विवाद बताया जा रहा है। घर पहुंचने पर किशोरों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। इस पर पीड़ित किशोरों के परिजन मोहल्ले के लोगों के साथ लक्खीबाग चौकी पहुंचे और आरोपी युवकों पर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया तो लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। चौकी पर हंगामा और सड़क पर जाम की सूचना मिलते ही एसपी सिटी अजय सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को आरोपी युवकों की गिरफ्तारी का आश्वासन देते हुए जाम खोलने को कहा, लेकिन लोग अपनी मांग पर अड़े रहे। इस पर चौकी से पुलिसकर्मियों को दोनों आरोपियों की तलाश में भेजा गया। कुछ देर बाद पुलिस दोनों युवकों को पकड़ कर ले आई तो एसपी सिटी ने लोगों को इस बात की जानकारी दी। तब भी लोग जाम खोलने को राजी नहीं हुए और आरोपियों को दिखाने की मांग करने लगे। पुलिस ने जब दोनों आरोपियों को लोगों को दिखाया, तब जाकर मामला शांत हुआ। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने व मारपीट करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। इस बीच पुलिस ने सहारनपुर चौक और प्रिंस चौक से रूट डायवर्ट भी कर दिया था।