विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 30, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मातम में बदली शादी, दूल्हे की मौत

By Edited By:
Published: Tue, 30 Apr 2013 08:18 PM (IST)Updated: Wed, 01 May 2013 08:27 AM (IST)

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, देहरादून: अंबाला से पूरे परिवार और नाते-रिश्तेदारों के साथ सेहरा बांधकर देहरादून बरात लेकर पहुंचे दूल्हे की जयमाला के दौरान तबियत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक के परिजनों ने खाने में किसी तरह की विषाक्त चीज खिलाने की आशंका जताई है। पुलिस पीएम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना देहरादून के रायपुर क्षेत्र के आर्डिनेंस फैक्ट्री एस्टेट में सोमवार देर रात हुई। पुलिस के मुताबिक, हरियाणा के अंबाला कैंट स्थित न्यू दयाल बाग निवासी जगदीश कुमार के बेटे प्रदीप कुमार (34) की शादी सहारनपुर निवासी वेदपाल सिंह की बेटी से तय हुई थी। शादी 29 अप्रैल की रात देहरादून में वेदपाल के रिश्तेदार के घर होनी थी। यहां रायपुर क्षेत्र की आर्डिनेंस फैक्ट्री एस्टेट में वधू पक्ष ने शादी का इंतजाम किया। तय कार्यक्रम के मुताबिक, सोमवार को वर पक्ष के लोग बरात लेकर यहां पहुंचे। देर रात जयमाला हुई। जयमाला के बाद फोटो खिंचवाने का कार्यक्रम चल रहा था कि दूल्हे प्रदीप को पेट में दर्द हुआ। उसने टॉयलेट जाने की इच्छा जताई। बाथरूम में उसे उल्टियां होने लगीं और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। वर व वधू पक्ष के लोग प्रदीप को तत्काल दून अस्पताल लाए, लेकिन हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने प्रदीप को सीएमआइ अस्पताल रेफर कर दिया। सीएमआइ से उसे मसूरी हाईवे स्थित मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। मैक्स अस्पताल में उपचार के दौरान प्रदीप की मौत हो गई। दूल्हे की मौत की सूचना पर शादी-समारोह में मातम छा गया।

वहीं, सूचना पर एसओ रायपुर शंकर सिंह बिष्ट फोर्स समेत अस्पताल पहुंचे व शव कब्जे में लिया। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। एसओ बिष्ट ने बताया कि मामला गंभीर है। जांच की जा रही है। उधर, वर पक्ष के लोग बेटे का शव लेकर अंबाला लौट गए।

..आखिर कुछ तो गड़बड़ी है

पुलिस को प्रदीप की मौत के पीछे कुछ गड़बड़ होने की आशंका है। दरअसल, ये बात किसी को हजम नहीं हो रही कि सिर्फ उल्टी लगने से दूल्हे की मौत हो जाए। इस मामले में परिजन भी खाने में विषाक्तदेने की आशंका जता चुके हैं। पुलिस की मानें तो मामला अफेयर व जबरन शादी से जुड़ा हो सकता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट हो पाएगा।

..इंतजार करती रह गई दुल्हन

खुशी-खुशी जयमाला पहनकर शादी के सात फेरों में बंधने को तैयार बैठी दुलहन अपने वर का अस्पताल से लौटकर आने का इंतजार करती रह गई। वधू पक्ष आस लगाए बैठा था कि होने वाले दामाद की तबियत जल्द ठीक हो जाए और वे शादी की रस्में पूरी कर सकें, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।