मां दूनागिरि की शरण में पहुंचीं केंद्रीय मंत्री उमा भारती
मंगलवार को पांडवों की खोली में ध्यान लगाने के बाद केंद्रीय जल संसाधन मंत्री साध्वी उमा भारती कुकुछीना की पहाड़ी से उतर दुधोली स्थित कुमाऊं मंडल विकास निगम के अतिथि गृह पहुंच गई।
द्वाराहाट (अल्मोड़ा), [जेएनएन]: दूनागिरि क्षेत्र की पांडवखोली गुफा में ध्यान लगाने के बाद केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती मंगलवार को दुधोली पहुंची। आध्यात्म व सुकून के लिए बेहद गोपनीय प्रवास के तहत यहां पहुंची केंद्रीय मंत्री के हालांकि रानीखेत एक्सप्रेस से सायं दिल्ली लौटने के कयास थे।
मगर सूत्रों के अनुसार उमा भारती ने अपना प्रवास एक दिन और बढ़ा दिया है। इस बीच केंद्रीय मंत्री ने पुन: द्रोणागिरि की पहाड़ी पर मां दूनागिरि के दर्शन किए और कुछ देर ध्यानमग्न रहीं। धर्मस्थल के आसपास विशेष सुरक्षा कर्मियों व स्टाफ का दस्ता मुस्तैद रहा। उमा भारती ने दूसरे दिन भी मीडिया से दूरी बनाए रखी।
राजनीतिक व्यस्तता से दूर केंद्रीय मंत्री उमा भारती सोमवार को व्यक्ति दौरे पर यहां पहुंची थीं। सोमवार की रात से मंगलवार दोपहर तक गुफा में ही वह साधनारत रहीं। दोपहर बाद वह कड़े सुरक्षा घेरे में दुधोली स्थित केएमवीएन अतिथि गृह पहुंची।
यहां कुछ देर विश्राम करने के बाद वह मां दूनागिरि के दर्शन के लिए द्रोणगिरि पर्वत पहुंची। जहां माता के दर्शन कर एकांत में ध्यान लगाया। सूत्रों की मानें तो केंद्रीय मंत्री उमा भारती बुधवार को सुप्रसिद्ध विभांडेश्वर तीर्थ में महादेव के दर्शन करने भी पहुंचेंगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।