यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 16, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यूनेस्को की क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क में होगा बनारस भी
जागरण संवाददाता, वाराणसी : विश्व के नौ ऐतिहासिक शहरों में बनारस का नाम भी शुमार होने जा रहा है। वजह,

जागरण संवाददाता, वाराणसी : विश्व के नौ ऐतिहासिक शहरों में बनारस का नाम भी शुमार होने जा रहा है। वजह, यूनेस्को की क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क में बनारस का नाम भी शामिल जो जाएगा। महापौर रामगोपाल मोहले द्वारा छह माह पूर्व भेजे प्रस्ताव को यूनेस्को ने मंजूर कर लिया है।
यह प्रस्ताव बनारस के संगीत की गौरवशाली विरासत के आधार पर प्रस्तावित था। रामगोपाल मोहले ने यह जानकारी बुधवार को देते हुए बताया कि उपरोक्त प्रस्ताव पर छह माह से अधिक समय से कार्य किया जा रहा था। प्रस्ताव को यूनेस्को ने अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस प्रस्ताव के मंजूर होने से काशी के सांस्कृतिक धरोहर को विश्व पटल पर प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच प्राप्त हो गया। इससे संगीत के क्षेत्र में स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन मिलेगा। इस सूची के सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सहयोग में भी काशी एक वैश्रि्वक भूमिका में उभरेगा। यूनेस्को के क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क का प्रमुख उद्देश्य है कि सदस्य शहरों की सृजनात्मक क्षमता का लाभ वहां के आर्थिक सामाजिक व सांस्कृतिक क्षेत्रों को मिले।
महापौर ने बताया कि प्रस्ताव में संगीत ग्राम की स्थापना के प्रारूप को प्रमुखता से रखा गया है। संगीत ग्राम काशी की लुप्त हो रही प्राचीन संगीत परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन का केंद्र बनेगा। इस कार्य में युनेस्को का सहयोग प्राप्त होगा। ज्ञातव्य है कि काशी के घाटों को भी विश्व विरासत की सूची में शामिल किए जाने का प्रस्ताव महापौर द्वारा गत अप्रैल माह में यूनेस्को को भेजा जा चुका है।
..
क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क के नौ शहर
-ग्लासगो (यूके)
-हैन ओवर (जर्मनी)
-मैनहैम (जर्मनी)
-घेण्ट (बेल्जियम)
-हमामात्सु (जापान)
-ब्राजावील (कांगों)
-बोगोटा (कोलंबिया)
-सैविल (स्पेन)
-बोलोग्न (इटली)