यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 17, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड से दो की मौत, छह अस्पताल पहुंचे

उन्नाव, नगर संवाददाता: ठंड का कहर लगातार बढ़ रहा। ठंड से बचाव के लिए प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयास अपर्याप्त हैं। शुक्रवार को ठंड लगने से सफीपुर और औरास ब्लाक क्षेत्र में दो लोगों की मौत हो गई। आईटीआई में एक छात्रा बेहोश होकर गिर पड़ी इसके साथ ठंड लगने से बीमार आध दर्जन रोगी जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं।
सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव मुरादपुर निवासी कालिका (55) शुक्रवार को प्रात: खेत से पत्ता गोभी काटकर उन्हें बेचने के लिए साइकिल पर लादकर सफीपुर आ रहा था। सफीपुर में बाया तालाब के सामने अचानक ठंड लगने से वह बेहोश होकर गिर पड़े। आसपास के लोग उसे सीएचसी ले गए जहां उसकी मौत हो गई। प्रभारी चिकित्साधिकारी अजीत सिंह के अनुसार मौत ठंड लगने से हृदय गति रुकने के कारण हुई है।
औरास थाना क्षेत्र के गांव कैथनखेड़ा मजरा जवन निवासी रोहतम (60) पुत्र कुशेहर अपनी ससुराल से साइकिल से वापस आ रहा था। रास्ते में जवन गांव के पास कपकपा कर वह गिर गया। ग्रामीणों ने उसे आग जलाकर तपाने का प्रयास किया किंतु उसके बाद उसे बचा नहीं पाए।
जिला अस्पताल में ठंड लगने से बीमार होकर आए रोगियों में शांती 55 तोमरनखेड़ा, बोड़े 58 गजाखेड़ा, शिवाधार 36 कंचनखेड़ा, प्रियंका 5 पुत्री सरजू और शिव 4 पुत्र राकेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ठंड से अब तक 9 लोगों की जान जा चुकी है। इसमें औरास थाना क्षेत्र में चार और सफीपुर में दो तथा जिला अस्पताल में तीन मौतें हुई हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
