यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 17, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सरेशाम व्यवसायी पर बरसाई गोलियां, सनसनी

सुल्तानपुर : बुधवार की सरेशाम शहर कोतवाली क्षेत्र के दरियापुर इलाके में एक व्यापारी पर गोलियां बरसाई गई। दो बाइक से आए पांच अज्ञात हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और आनन-फानन में व्यापारी को जिला अस्पताल लाया गया। डाक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। प्रभारी पुलिस अधीक्षक ने रंजिश में घटना होने की बात कही है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है।
कूरेभार थाना क्षेत्र अंतर्गत मझवारा गांव निवासी राजेंद्र मिश्र पुत्र रामधीरज मिश्र की शहर के दरियापुर मोहल्ले के सूरजटाकीज तिराहे पर कॉपी किताब की दुकान है। शाम को वे दुकान के बाहर खड़े थे। तभी दो मोटर साइकिल पर सवार पांच युवक उसी तिराहे पर जा पहुंचे। वहां से राजेंद्र की दुकान कुछ दूरी पर है। युवकों ने मोटर साइकिल दूर ही खड़ी की थी और वे पैदल ही राजेंद्र के पास पहुंचे। राजेंद्र जब तक कुछ समझ पाते तब तक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। एक गोली उसके हाथ व दूसरी कमर के पास जा धंसी। बताया जाता है कि कई छर्रे और भी लगे हैं। गोलियों की तड़तड़ाहट से तिराहा गूंज गया। भगदड़ सी मच गई। आसपास की दुकानों के शटर गिर गए। आनन-फानन में पुलिस भी मौके पर पहुंची। राजेंद्र को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां पुलिस के अधिकारी भी पहुंचे। डाक्टरों ने उसकी हालत की गंभीरता देखते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। प्रभारी कप्तान कमलेश दीक्षित ने बताया कि घटना के पीछे रंजिश की बात कही जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है।
