यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 17, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बर्निग ट्रेन होने से बची बेगमपुरा एक्सप्रेस

सुल्तानपुर : जम्मू से वाराणसी जा रही बेगमपुरा एक्सप्रेस बुधवार को बर्निग ट्रेन होते-होते बच गई। उतरेटिया-जफराबाद रेलखंड पर बड़ा गांव क्रासिंग के गेटमैन ने एक डिब्बे में चक्के से चिंगारी निकलते देखा तो रेलगाड़ी को रुकवाया तो उसकी सतर्कता से बड़ा हादसा टला। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद ट्रेन चलाई जा सकी।
वाराणसी की ओर जा रही बेगमपुरा एक्सप्रेस निहालगढ़ स्टेशन से बुधवार को सुबह 9.44 बजे रवाना हुई थी। ट्रेन के आउटर पार होते ही इंजन से तीसरे कोच की ब्रेक जाम हो गई। तेज रफ्तार रेलगाड़ी जब बड़ागांव के निकट स्थित रेलवे क्रासिंग संख्या 125बी से गुजरने लगी तो वहां के गेटमैन आरपी मिश्रा ने चक्के से चिंगारियां व धुंआ निकलते देखा। उसने इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। वाकी-टाकी से वार्ता कर ट्रेन को रोका गया। रेललाइन के किनारे चल रहे गैंगमैन को बुलवाकर ड्राइवर ने पहले ब्रेक का जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुआ तो हथौड़ा व सब्बल से ब्रेक ढीला करवाया गया और धीरे-धीरे ट्रेन को अढ़नपुर रेलवे स्टेशन पर लाया गया। वहां से सूचना क्षेत्रीय पीडब्ल्यूआई को दी गई। तब सुल्तानपुर से पहुंची अफसरों व कर्मचारियों की टीम ने चक्कों व ब्रेक की मरम्मत शुरू की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद कामयाबी मिली तो ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। स्टेशन अधीक्षक डीएन दुबे ने बताया कि यांत्रिक गड़बड़ी के चलते ट्रेन दो घंटे तक रोकी गई थी। तब तक सतर्कता व कॉसन पर अन्य ट्रेनों को चलाया गया।
