यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 17, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जिला अस्पताल में दिखा डीएम का खौफ!

शाहजहांपुर : डीएम शुभ्रा सक्सेना के पुवायां सीएससी में छापामारी का असर बुधवार को जिला अस्पताल में दिखा। ओपीडी से लेकर वार्डो तक में व्यवस्थाएं दुरुस्त नजर आई। असल में डीएम जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण की बात कह चुकी हैं।
जिला अस्पताल अव्यवस्थाओं के लिए हमेशा सुर्खियों में रहता है। अस्पताल प्रशासन पर नकेल कसने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट आए दिन छापामारी करते रहते हैं। औचक चेकिंग में हमेशा ही कमियां उजागर हुई हैं। लोगों की शिकायत पर चेकिंग के निर्देश डीएम देते हैं। नई जिलाधिकारी को भी जिला अस्पताल की शिकायतें मिली हैं। जिला योजना की मीटिंग में बसपा विधायक रोशनलाल वर्मा ने बर्न यूनिट में एसी मशीन न चलने की शिकायत जिलाधिकारी से की थी। विधायक की शिकायत को जिलाधिकारी ने संज्ञान में लिया था, हालांकि किसी प्रशासनिक अधिकारी को जांच के लिए नामित नहीं किए जाने से डीएम की मंशा शायद जिला अस्पताल को समझ आने लगी है। औचक चेकिंग में कार्रवाई से बचने को जिला अस्पताल प्रशासन ने रुख बदला है। बुधवार को ओपीडी से लेकर वार्ड तक व्यवस्थाओं में आमूलचूल परिवर्तन देखने को मिला। हालांकि इसे लंबे समय तक बनाए रखना स्वास्थ्य प्रशासन के लिए चुनौती होगी। असल में डीएम के औचक निरीक्षण का कोई नियत समय निर्धारित नहीं है।