यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 08, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कहीं परिवार समेत पाकिस्तान तो नहीं भाग गया आतंकी फैजान?
फैजान के ऊपर सहारनपुर के विभिन्न थानों में 10 मुकदमे दर्ज हैं, उस पर पांच हजार का इनाम भी घोषित है।

सहारनपुर (जागरण संवाददाता)। वर्ष 1996 में पाकिस्तानी कारतूस और 2007 में नकली नोट के साथ पकड़े जाने के बाद से फैजान कहां है पुलिस और खुफिया विभाग तक को इसकी खबर नहीं है। पुलिस और खुफिया विभाग की विफलता ही है कि वह चुपचाप संपति बेचकर परिवार सहित भाग गया। आशंका है कि फैजान आइएसआइ से जुड़कर कोई साजिश रच रहा है।
आतंकी अब्दुल्लाह के पकड़े जाने के बाद अब फैजान को लेकर खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। मोहल्ला जाफर नवाज स्थित मकान नंबर 4/11 ख्वाजा अहमद सराय शाहमदार निवासी फैजान के ऊपर सहारनपुर के विभिन्न थानों में 10 मुकदमे दर्ज हैं। उस पर पांच हजार का इनाम भी घोषित है। फैजान के ऊपर 1996 में पहला मुकदमा मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का दर्ज हुआ था।
इसके बाद इसी वर्ष उसे दिल्ली क्राइम ब्रांच ने 538 पाकिस्तानी कारतूसों के साथ दबोचा था। सहारनपुर में अंतिम बार फैजान 2007 में नकली नोटों व तमंचा-कारतूस के साथ पकड़ा गया था, मगर चंद महीनों बाद जमानत मिलते रातों-रात अपनी संपति बेचकर परिवार समेत कहां गायब हो गया, आज तक किसी तो खबर नहीं है।
यह भी पढ़ें: पूछताछ के बाद चार कश्मीरी समेत पांच संदिग्ध छात्रों को एटीएस ने दी क्लीन चिट
इसका पता भी तब लगा, जब हाईकोर्ट से बार-बार समन आने के बाद भी फैजान कोर्ट नहीं पहुंचा। सूत्रों की मानें तो फैजान अपनी पत्नी के साथ पाकिस्तान शिफ्ट हो चुका है। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि मामले की समीक्षा की जा रही है।
