यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 10, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अब तक 119: बेकाबू बाघ के हमले से चार दिन में तीन किसानों की मौत
पीलीभीत जिले के बेहरीखेड़ा के किसान को बाघ ने मार डाला। बाघों के आतंक से एक साल में 119 लोग मौत के मुंह में जा चुके हैं।

पीलीभीत (जेएनएन)। गन्ने के खेत में खाद डाल रहे बेहरीखेड़ा के एक किसान को बाघ ने मार डाला। वन विभाग की टीम मौके पर नहीं आने से लोगों में खासा गुस्सा है। बाघों के आतंक से एक साल में अब तक पीलीभीत जिले के 119 लोग मौत के मुंह में जा चुके हैं। पिछले कुछ समय से आक्रामक हुआ यह बाघ चार दिन में तीन ग्र्रामीणों को निवाला बना चुका है।
यह भी पढ़ें: चालीस साल पहले हुई थी बेहरीखेड़ा में बाघ की घटना
आज तहसील सदर क्षेत्र के गांव बेहरीखेड़ा का किसान कुंवरसेन (55) दो बेटों गिरीश और हीरालाल के साथ सुबह साढ़े नौ बजे देवहा नदी पार कर गन्ने के खेत में खाद डालने पहुंचा था। इसी दौरान बाघ ने हमला कर दिया। दोनों बेटों ने शोरगुल मचाते हुए पिता को खींचकर बचाने का प्रयास किया। चीख पुकार पर पास के खेतों में काम कर रहे किसान भी पहुंच गए। किसान मुनीश सिंह ने लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायर किया तो बाघ गन्ने के खेत में जा छुपा। लोग लहूलुहान कुंवरसेन के पास पहुंचे पर तब तक मौत हो चुकी थी।
