यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 04, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दुष्कर्म पीड़िता को जान का खतरा

जाका, पीलीभीत : पिता पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली पीड़िता ने अपने जीजा से जान का खतरा जताया है। पीड़िता ने एसपी से मिलकर यह अंदेशा जताया। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
शहर की पॉश कॉलोनी में पन्द्रह दिन पूर्व पुत्री ने अपने पिता पर चार वर्ष तक दुराचार कर बंधक बनाए रखने का आरोप लगाया था। एसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करी थी। आरोपी पिता की गिरफ्तारी न होने पर कॉलोनी वासियों ने जमकर हंगामा काटा था। बाद में कोतवाली पुलिस ने पिता अशोक शर्मा को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। अब पीड़ित किशोरी पुन: एसपी एन कोलांचि से मिली। किशोरी ने एसपी को दिए गए प्रार्थनापत्र में बताया कि उसको अपने जीजा से जान का खतरा है। एसपी ने कोतवाली पुलिस को मामले में कार्रवाई करने के आदेश दिए। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने पीड़िता के जीजा सचिन के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर आरोपी का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया है। प्रभारी कोतवाल सत्येन्द्र सिंह यादव के मुताबिक इसके अलावा आरोपी को मुचलके में पाबंद करने की कार्रवाई भी की गई है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
