यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 20, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पुतले फूंकने को लेकर राजनीति में उबाल

खतौली (मुजफ्फरनगर)। सीएम अखिलेश यादव, कैबिनेट मंत्री आजम खां के पुतले फूंकने के बाद अब उनके समर्थकों द्वारा भाकियू नेता नरेश टिकैत, राकेश टिकैत, गठवाला खाप के मुखिया हरिकिशन मलिक के पुतले फूंकने से राजनीति गरमा गई। भाकियू के विरोध में सपा खुलकर सामने आ गई। सपा ने भाकियू पर आजीवन प्रतिबंध लगाने, उसके नेताओं की गिरफ्तारी की मांग की।
कांग्रेस नेता हाजी इजहार अहमद ने भाकियू द्वारा हाईवे जाम करने पर रोष जताया व अफसरों पर मूकदर्शक बने रहने का आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने की मांग की। उधर किसान कांग्रेस ने खाप चौधरियों का पुतला फूंकने का विरोध करने का ऐलान किया।
उल्लेखनीय है कि एक माह तक एक संप्रदाय के लोगों द्वारा सपा सरकार पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए शहर व गांवों में सीएम अखिलेश यादव, मंत्री आजम खां, मुलायम सिंह के फूंके गए। इसके विरोध में भाकियू नेताओं के पुतले जलाने और फिर भाकियू द्वारा जाम लगाने से राजनीति गरमा गई है। भाकियू जिलाध्यक्ष व ब्लाक अध्यक्ष को नामजद न करने पर ा नेताओं में गुस्सा है।
हाजी यूसुफ के प्रतिष्ठान पर हुई सपा की बैठक में भाकियू के जिलाध्यक्ष के बयान की कड़े शब्दों में निंदा की गई। विधानसभा अध्यक्ष सुलेमान परदेसी ने कहा कि भाकियू भाजपा के इशारे पर फिर जिले को आग में झोंकने, जिले का नक्शा बदलने की धमकी दे रही है। यदि सपा नेताओं का पुतले फूंकने बंद नहीं किए गए तो सपा हर शहर, गली, चौराहे पर टिकैत बंधुओं का पुतला फूकेगी। इरशाद जाट, वसीम कुरैशी ने भाकियू पर आजीवन प्रतिबंध लगाने, गलत ब्यानबाजी करने वो नेताओं पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की मांग की। बैठक में डा. मंसूर, अरशद मुलतानी, हाजी वसीम, तौहीद कुरैशी, राजू उपाध्याय, शाहिद कुरैशी आदि मौजूद रहे।
पूर्व पीसीसी सदस्य हाजी इजहार अहमद ने जारी बयान में सपा, भाजपा, भाकियू पर जिले की फिजा खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने भाकियू जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा हाईवे जाम करने पर रोष जताया। अफसरों पर मूकदर्शक बने रहने का आरोप लगाया व उन्हें जिले से हटाने की मांग की। उधर आनंद मलिक के आवास पर हुई किसान कांग्रेस की बैठक में खापों के चौधरियों के पुतले फूंकने का विरोध करने का ऐलान किया। अध्यक्षता राजेश्वर आर्य ने की और संचालन अमित राठी ने किया। बैठक में वेदपाल सिंह, जितेन्द्र, विकास बालियान आदि मौजूद रहे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर