यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 09, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
किनौनी और मवाना चीनी मिल मालिकों पर मुकदमा
मेरठ : गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर राष्ट्रीय लोकदल का गन्ना भवन पर तीन दिन से चल रहा धरना शनिवार को भ

मेरठ : गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर राष्ट्रीय लोकदल का गन्ना भवन पर तीन दिन से चल रहा धरना शनिवार को भी जारी रहा। चीनी की बिक्री से प्राप्त राशि से किसानों का भुगतान न करके किसी अन्य प्रयोग में लेने पर किनौनी और मवाना चीनी मिलों के मालिक और यूनिट हेड के खिलाफ एफआइआर दर्ज करा दी गई है। इसी क्रम में सोमवार को प्रस्तावित महापंचायत में हजारों किसानों को जुटाने का लक्ष्य तय किया गया। साथ ही जनसंपर्क की जिम्मेदारी पदाधिकारियों को सौंपी गई।
गन्ना मूल्य के भुगतान को लेकर रालोद ने तीन दिन से गन्ना भवन को घेर रखा है। किसान यहां दिन-रात धरने पर जमे हैं। किसानों के विरोध को देखते हुए दो चीनी मिलों के खिलाफ मुकदमा कायम किया गया है। उप गन्ना आयुक्त हरपाल सिंह ने बताया कि किनौनी मिल ने चीनी बिक्री से प्राप्त राशि में से 15.5 करोड़ रुपये अन्य मद में हस्तांतरित कर दिए। मिल मालिक कुशाग्र बजाज तथा यूनिट हेड पीएस ढाका के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
वहीं, मवाना चीनी मिल ने 14 दिन की सीमा के भीतर किसानों को भुगतान नहीं किया। इस आरोप में मिल के मालिक तथा यूनिट हेड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
उधर, अवकाश के बावजूद उप गन्ना आयुक्त तथा जिला गन्ना अधिकारी ने धरने पर बैठे किसानों के बीच पहुंचकर उन्हें मुकदमा दर्ज कराए जाने की जानकारी दी तथा धरना समाप्त करने की अपील की, जिसे प्रदर्शनकारियों ने खारिज कर दिया।
इसी क्रम में छपरौली विधायक वीरपाल राठी की मौजूदगी में बैठक कर सोमवार की महापंचायत की तैयारी की गईं। ब्लाक स्तर तक के सभी पदाधिकारियों को किसानों को धरनास्थल पर लाने की जिम्मेदारी दी गई। तय किया गया कि किसान महापंचायत में अपने वाहनों से पहुंचेंगे। दूर-दराज से गांवों से आने वाले किसान अपनी बस करके गन्ना भवन पर आएंगे। प्रदेश प्रवक्ता सुनील रोहटा, डा. राजकुमार सांगवान तथा जिलाध्यक्ष यशवीर सिंह ने बताया कि महापंचायत में पूरा पांडव नगर किसानों और उनके वाहनों से भर जाएगा। भोपाल गुर्जर, राममेहर सिंह, बिजेंद्र भाटी, विनय मल्लापुर, किशनपाल चिकारा, गौरव जिटौली, संजय चौधरी व नरेंद्र खजूरी आदि मौजूद थे।
रात में निकला सांप, सुबह मचा हड़कंप
धरनास्थल पर रात दो बजे किसानों को सांप घूमता दिखा। सुनील रोहटा ने बताया कि सांप खुद ही वहां से चला गया, लेकिन किसान खासे सहम गए। घटना ने सुबह अफसरों में हड़कंप मचा दिया। निगम की मदद से पूरे परिसर में सफाई की गई। घास हटाई गई तथा फागिंग व कीटनाशक का छिड़काव भी किया गया। किसानों ने इस लापरवाही पर विभाग को चेतावनी दी है।