विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 19, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'ट्रक लुटेरा है मंत्री जी का भतीजा'

By Edited By:
Published: Wed, 19 Nov 2014 01:54 AM (IST)

मेरठ : हाईवे लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में आए तो प्रेस कान्फ्रेंस में ही एक आरोपी ऐसा फट पड़ा कि ट्रक लू

News Article Hero Image

मेरठ : हाईवे लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में आए तो प्रेस कान्फ्रेंस में ही एक आरोपी ऐसा फट पड़ा कि ट्रक लूट की यह वारदात रोचक सियासी अपराध कथा में तब्दील हो गई। पुलिस कप्तान मीडिया के सामने एक ट्रक लूट में पकड़े गए आरोपियों को पेश करने वाले ही थे कि एक आरोपी कैमरे के सामने चीख पड़ा कि एक फरार आरोपी शहरोज मंत्री जी का रिश्ते का भतीजा है। गुड वर्क का किस्सा सुनाने को तैयार बैठे कप्तान साहब को तत्काल पूरा मजमा समेटना पड़ा और वाहन लुटेरों को जीप में बैठाकर थाने भेज दिया गया। इसके बाद पूरे जिले की राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई और सियासी रसूखदारों के फोन घनघनाने लगे। मंत्री शाहिद मंजूर से जब इस बाबत पूछा गया तो उन्होंने शहरोज से अपने संबंधों से साफ इन्कार किया और कहा कि आरोप लगाने वाले शाहिद का परिवार उनके चाचा के कत्ल में नामजद है। मंत्री जी ने इन आरोपों के पीछे राजनीतिक साजिश का आरोप लगाते हुए कहा कि वारदात में फरार दूसरा आरोपी बसपा के राज्यसभा सांसद मुनकाद का करीबी है। मुनकाद को लगातार फोन किए गए, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। उन्हें पूरे प्रकरण की जानकारी देते हुए एसएमएस भी भेजा गया, लेकिन कोई जवाब नहीं आया।

क्या है मसला

मंगलवार शाम को रिजर्व पुलिस लाइन में एसएसपी ओंकार सिंह बता रहे थे कि 21 सितंबर को रात में किठौर के ब्रजघाट टोल टैक्स से लूटे गए बरेली के मैसर्स फास्ट मूवर्स लॉजिस्टक प्रा. लि. के ट्रक के मामले में बता रहे थे कि मुखबिर की सूचना पर सुबह साढ़े दस बजे रार्धना इंद्रपुरा मोड पर अभियुक्त बब्बू उर्फ शेर अली निवासी पांगली किठौर, शाहिद, निवासी मैन बाजार किठौर, शहजाद निवासी राधना और शहजाद निवासी खालापार मुजफ्फरनगर को लूट के ट्रक के साथ गिरफ्तार किया गया। पुराने मुकदमे में जमानत तुड़वाकर एक बदमाश अनीस पहले ही जेल जा चुका है। इस गैंग के दो बदमाश शहरोज निवासी जलालुद्दीनपुरा, किठौर और सलीम निवासी ऊंचा कुआं किठौर फरार हैं। प्रेसवार्ता में बदमाशों को मीडिया के सामने पेश किया गया। तभी कैमरा चलते ही बदमाशों ने बताया कि फरार चल रहा शहरोज कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर का भतीजा है और पुलिस इस बात को मीडिया से छिपा रही है। दरअसल मास्टरमाइंड अनीस के जेल जाने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हुआ। इंस्पेक्टर सुमेर सिंह से अभियुक्त के आरोपों के बारे में पूछा गया तो कहा कि मंत्री जी का खानदान बड़ा है, कोई भी उन्हें अपना रिश्तेदार बता देता है।

मंत्री जी का पक्ष

मेरे चार चाचा हैं। उनके बेटों के बेटों में से किसी का नाम शहरोज नहीं है। जिस शाहिद के प्रेस कान्फ्रेंस में आरोप लगाने की बात की जा रही है, उसका परिवार मेरे चाचा की हत्या के आरोप में नामजद है। इसलिए आरोप लगाए जा रहे हैं। जिस तरह करीबी की बात कही जा रही है तो एक फरार आरोपी सलीम का घर मुनकाद के घर के पास है और वह भी उनका करीबी है।

-शाहिद मंजूर, कैबिनेट मंत्री,प्रदेश सरकार

शहरोज नाम का आरोपी है, लेकिन जांच में मंत्री से उसका कोई रिश्ता नहीं सामने आया है। दूसरे आरोपियों के भी राजनीतिक रिश्ते सामने नहीं आए हैं।

-ओंकार सिंह,एसएसपी