विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 27, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नंगलामल में सांप्रदायिक हिंसा, एक की मौत

By Edited By:
Published: Sat, 27 Jul 2013 01:31 PM (IST)Updated: Sat, 27 Jul 2013 01:32 PM (IST)

News Article Hero Image

मुंडाली (मेरठ) : मुंडाली थाना क्षेत्र के नंगलामल गांव में एक धार्मिक स्थल में आरती व लाउडस्पीकर बजाने को लेकर हुए विवाद ने सांप्रदायिक हिंसा का रूप ले लिया। दोनों संप्रदायों के बीच संघर्ष के दौरान गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। फायरिंग और पथराव में कई अन्य घायल हो गए। एक महिला की सदमे में हार्टअटैक से मौत हो गई। पुलिस ने उपद्रवियों पर लाठीचार्ज कर किसी तरह स्थिति संभाली। क्षेत्र में तनाव के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात है। युवक की मौत से क्षुब्ध लोगों ने मेडिकल के पास जाम लगा दिया। कप्तान ने लापरवाही बरतने पर एसओ मुंडाली वसीम खान को निलंबित कर रणवीर सिंह को थाना का प्रभार सौंपा।

नंगलामल के ग्राम प्रधान सुशील कुमार ने बताया कि रमजान माह शुरू होने के बाद से गांव के हिंदुओं ने स्वयं निर्णय लेते हुए शिव मंदिर में लाउडस्पीकर बजाना बंद कर रखा था। शुक्रवार शाम रोजा इफ्तार के समय मंदिर के पास खड़े संप्रदाय विशेष के कुछ युवकों ने हिंदू युवकों को यह कहकर चिढ़ाना शुरू कर दिया कि मंदिर का माइक उन्होंने जबरन बंद करा रखा है। इस पर दोनों ओर से कहासुनी शुरू हो गई। इसी बीच एक युवक ने मंदिर में जाकर लाउडस्पीकर चालू कर दिया। इस पर संप्रदाय विशेष के लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। यह सूचना गांव में फैलते ही दोनों संप्रदाय के सैकड़ों लोग आमने-सामने आ गए और एक दूसरे पर पथराव और फायरिंग शुरू कर दी। पूरे गांव में भगदड़ मच गई और दुकानें बंद हो गई।

हिंसा के दौरान गोली लगने से सुनील (23) पुत्र महिपाल बुरी तरह जख्मी हो गया। शाहिद को भी गोली लगी है। इनके अलावा पथराव में दोनों ओर के कई अन्य जख्मी हो गए। सांप्रदायिक हिंसा की सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस घायल सुनील को अस्तपाल ले जा रही थी, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सुनील की मौत की सूचना से एक पक्ष उग्र हो गया और फिर पथराव शुरू कर दिया। जवाब में संप्रदाय विशेष पक्ष भी पुलिस की मौजूदगी में पथराव करने लगा। आनन-फानन में मौके पर आईजी भवेश कुमार सिंह, डीआईजी के सत्यनारायण, डीएम नवदीप रिणवा, एसएसपी दीपक कुमार, एडीएम प्रशासन दीपचंद, एसपी देहात एमएम बेग भारी पुलिस बल और पीएसी के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज कर किसी तरह स्थिति संभाली। काफी देर तक आला अफसरों के सामने भी पथराव होता रहा। उधर, संघर्ष के दौरान पथराव और फायरिंग के सदमे में कुसुम पत्‍‌नी हरि सिंह को हार्ट अटैक पड़ गया और उसकी मौत हो गई। सुनील की मौत से गुस्साए लोगों ने देर रात मेडिकल के सामने जाम लगा दिया और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करते हुए नारेबाजी की। कई हिंदू संगठन के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस व पीएसी ने गांव में फ्लैग मार्च कर धारा 144 लागू कर दी।

मृतक सुनील के परिजनों ने तैयब, अब्दुल, फरमान, यामीन और फुरकान समेत आठ लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। तीन नामजदों को हिरासत में लिया गया है। बताया गया है कि गांव के अनिल नाम का युवक संघर्ष के बाद से लापता है। पुलिस उसे गांव में तलाश रही है। तनाव के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस व पीएसी तैनात कर दी गई है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।